दिल्ली में तेज़ होती जा रही कोरोना की रफ्तार, 13 फीसदी के करीब पहुंच कोविड संक्रमण दर – 24×7 Khabre Fatafat

0
10

दिल्ली में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। हाल यह है कि कोरोना की जांच कराने वाला हर आठवां व्यक्ति संक्रमित मिल रहा है। वहीं, पूरे देश में कोरोना की जांच कराने वाला हर 20वां व्यक्ति इससे संक्रमित मिल रहा है। दिल्ली में कोरोना की संक्रमण दर 13 फीसदी के करीब पहुंच गई है, जबकि देश में अभी सिर्फ पांच फीसदी है। राजधानी में शुक्रवार को 18685 जांच में कुल 12.95 फीसदी लोग संक्रमित मिले। दिल्ली में संक्रमण दर बढ़ने से सक्रिय मरीजों की संख्या भी सात हजार के करीब पहुंच गई है। देश के मुकाबले दिल्ली में संक्रमण दर ढाई गुना तक बढ़ गई है।

आठ जिलों में स्थिति भयावह

दिल्ली के आठ जिलों में संक्रमण दर 10 फीसदी से अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर इस बारे में चेताया है। इस पत्र में जिन आठ जिलों की साप्ताहिक संक्रमण दर 10 फीसदी से अधिक बताई गई है, उनमें उत्तरी दिल्ली 19.05 के साथ सबसे ऊपर है। पूर्वी दिल्ली में 16.91, दक्षिणी दिल्ली में 16.54 फीसदी लोग संक्रमित मिल रहे हैं।

इन जिलों में संक्रमण दर 10 से अधिक

जिला संक्रमण दर
उत्तरी दिल्ली 19.05%
पूर्वी दिल्ली 16.91%
दक्षिणी दिल्ली 16.54%
नई दिल्ली 14.47%
उत्तर पश्चिमी दिल्ली 13.27%
दक्षिण पूर्वी दिल्ली 11.11%
पश्चिमी दिल्ली 10.94%
दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली 10.77%

अस्पतालों में भर्ती मरीज दोगुना हुए

दिल्ली के अस्पतालों की ओपीडी में वायरल बुखार के लक्षण के साथ आने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। हालांकि, अस्पतालों में भर्ती होने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या में बहुत ज्यादा इजाफा नहीं देखने को नहीं मिला है। बावजूद इसके अस्पतालों में भर्ती कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 428 हो गई है। एक सप्ताह पहले लगभग 200 कोरोना संक्रमित ही अस्पतालों में भर्ती थे। अस्पताल में भर्ती ऐसे लोग अधिक हैं जिनकी उम्र अधिक है और कोरोना के अलावा उन्हें दूसरी बीमारियों की वजह से गंभीर बीमार होने का खतरा अधिक है।

राजधानी में 2300 से ज्यादा नए मरीज मिले, एक की मौत

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को कोरोना के 2311 नए मामले सामने आए। वही 1837 मरीजों को छुट्टी दी गई, जबकि एक मरीज ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया। राजधानी में में कोरोना की जांच के लिए 24 घंटे में 16702 टेस्ट किए गए जिसमें 13.84 लोग संक्रमित पाए गए। दिल्ली में अभी तक 1967104 लोग संक्रमित हो गए हैं। इनमें से 1933427 मरीज ठीक हो गए, वहीं 26328 मरीजों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया। 

दिल्ली में कोरोना से मृत्युदर 1.34 फीसदी है। दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मरीज बढ़ कर 7349 हो गए हैं। इनमें से घरों में 4586 व अस्पताल में 452 मरीज उपचार करवा रहे हैं। अस्पतालों में भर्ती मरीजों में 155 आईसीयू में, 127 ऑक्सीजन पर और 15 वेंटिलेटर पर हैं। दिल्ली में बढ़ते मामलों के साथ कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 217 हो गई है।

एनसीआर का हाल

लगातार दूसरे दिन 200 मरीज मिले

नोएडा- दो दिनों से कोरोना के 200 से ज्यादा मरीजों की पुष्टि हो रही है। शुक्रवार को कोरोना संक्रमित 230 मरीजों की पुष्टि हुई थी। चार अगस्त को 201 मरीज की पुष्टि की गई। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से संक्रमण दर भी 13 फीसदी से ज्यादा हो गई है। जिले में सक्रिय मरीज 795 हो गए हैं, जो एक सप्ताह पहले 300 से कम थे।

छह महीने बाद फिर संक्रमण दर में तेजी

गाजियाबाद- जनपद में छह महीने बाद कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ा है। इस महीने अभी तक संक्रमण दर 2.07 फीसदी है। इससे पहले जनवरी में संक्रमण दर 9.9 फीसदी रही थी। शनिवार को कोरोना के 89 नए मामले आए। जिले में 371 सक्रिय कोरोना मरीज हैं। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में भी करीब छह माह बाद इजाफा हुआ है।

मामले बढ़ने पर जांच केंद्रों पर उमड़े लोग

गुरुग्राम- दिल्ली से सटे गुरुग्राम में कोरोना जांच में तेजी आई है। शनिवार को कोरोना जांच के लिए जिले में 4553 नमूने लिए गए, जिनमें से 402 नमूनों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। जबकि 1411 नमूनों की रिपोर्ट आना अभी सरकारी लैब से बाकी है। बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने से लोग जांच केंद्र भाग रहे हैं।

पांच दिन से मरीजों की संख्या में इजाफा

फरीदाबाद- कोरोना मरीजों में पांच दिन से बढ़ोतरी हो रही है। कोरोना बुलेटिन के मुताबिक, दो अगस्त को कोरोना के 51, तीन को 81, चार को 73 और पांच अगस्त को 117 नए मामले आए। बढ़ोतरी का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। छह अगस्त को 77 नए मरीज आए जबकि ठीक होने वालों की संख्या 30 रही।

(आंकड़े 29 जुलाई से 4 अगस्त तक साप्ताहिक संक्रमण दर के)

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here