
जितेन्द्र पुरोहित
जोधपुर। कूड़ी महिला मंडल की ओर से सावन माह के उपलक्ष्य में कंकेलाव स्थित करनी पैलेस गार्डन में भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सावन के उल्लास, उमंग और पारंपरिक संस्कृति का आनंद लिया। सुहावने मौसम के बीच आयोजित इस महोत्सव में महिलाओं ने नृत्य, कैटवॉक, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान व्हीलचेयर डांस, कैटवॉक एवं अन्य आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लहरिया साड़ियों में सजी महिलाओं ने सावन की पारंपरिक छटा को जीवंत कर दिया। नृत्य, संगीत और मनोरंजन से पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के यादगार पलों को कैमरों में कैद किया तथा सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
आयोजक पूर्णिमा रांकावत ने बताया कि सावन महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को दैनिक जीवन की व्यस्तताओं से कुछ समय निकालकर मनोरंजन, सामाजिक मेलजोल और आत्म-अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई ऊर्जा के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
करवा ब्यूटी पार्लर की संचालक एवं आयोजनकर्ता पूर्णिमा रांकावत तथा यशस्वी रांकावत ने बताया कि सावन महिलाओं के लिए विशेष उत्साह और उल्लास का पर्व होता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया, ताकि महिलाएं आनंद के साथ अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा को भी मंच प्रदान कर सकें।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक पैनल में सरोज गोयल एवं मोनिका शर्मा ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। उनके निर्णय के आधार पर विजेताओं का चयन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
नृत्य प्रतियोगिता में अमृता कौर प्रथम, हर्षिता द्वितीय एवं हिमांशु तृतीय स्थान पर रहीं।
कैटवॉक प्रतियोगिता में मीना प्रथम, ममता द्वितीय एवं प्रेम तृतीय स्थान पर रहीं।
म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में शोभा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अमृता कौर ने कहा कि मौसम सुहाना होने के कारण कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया। महिलाओं ने जिस जोश और उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया, उससे पूरा आयोजन जीवंत और यादगार बन गया।
कार्यक्रम का संचालन यशस्वी रांकावत एवं हिमांशु ने किया। आयोजन में भीम सिंह पटेल, महेंद्र सिंह भाटी सहित गणमान्य नागरिक एवं महिलाओं की उपस्थिति रही। सावन महोत्सव हंसी, खुशी, सांस्कृतिक रंगों और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















