दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर शुरू होने वाला है गर्मी का दौर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट – 24×7 Khabre Fatafat

0
22

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर गर्मी का दौर शुरू होने वाली है, जिससे लोगों को परेशानी होगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, इस पूरे सप्ताह गर्मी व बढ़ता तापमान लोगों को परेशान करेंगे। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने के आसार हैं। दिन भर आंशिक बादल छाए रहेंगे। मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तीन तथा चार जून को मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले कुछ सालों में 31 मई से 4 जून के बीच अधिकतम तापमान 40.5 और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस तक रहा है। अगले कुछ दिन इस अवधि में अधिकतम तापमान 41 से 42 और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।

वहीं, इससे पहले रविवार को दिन भर तेज धूप और गर्मी का आलम रहा जबकि शाम के वक्त धूल भरी आंधी और हल्की वर्षा से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम में अचानक आई इस तब्दीली से दिल्ली वासियों को गर्मी से तो राहत मिली ही, छुट्टी का दिन होने के कारण उन्होंने खूब एंजाय भी किया।

रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 40.7 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 66 से 31 प्रतिशत रहा। यद्यपि पीतमपुरा, नजफगढ़, मुंगेशपुर व स्पोर्टस काम्प्लेक्स का अधिकतम तापमान 42 डिग्री पार कर गया।

खराब मौसम के कारण छह विमानो को किया गया डाइवर्ट

रविवार शाम छह बजे धूल भरी तेज आंधी का असर विमान सेवाओं पर भी पड़ा। आंधी के कारण आइजीआइ एयरपोर्ट के रनवे पर दृश्यता कम होने के कारण विमानों को डाइवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार दिल्ली आ रहे छह विमानों को जयपुर और लखनऊ की ओर डाइवर्ट किया गया। सूत्रों का कहना है खराब मौसम के कारण कुछ विमान के उड़ान भरने में भी देरी हुई। हालांकि, देर शाम विमानों का परिचालन सामान्य हो गया।

खराब श्रेणी में रही दिल्ली एनसीआर की हवा

रविवार को भी दिल्ली एनसीआर की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही दर्ज की गई। सफर इंडिया का कहना है कि अभी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 273 रहा। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 252, गाजियाबाद का 267, ग्रेटर नोएडा का 266, गुरुग्राम का 254 व नोएडा का 304 दर्ज किया गया। 

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here