उत्तराखंड में 18 से ज्यादा उम्र के लोगों आज से लगेगी बूस्टर डोज, CM धामी ने की यह अपील – 24×7 Khabre Fatafat

0
13

उत्तराखंड में 18 से अधिक उम्र के लोगों को शुक्रवार से मुफ्त प्रीकॉशन डोज लगाई जाएगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लोगों से प्रीकॉशन डोज लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण सबसे बड़ा हथियार है। राज्यभर में 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोनारोधी प्रीकॉशन डोज अभियान का हिस्सा बनकर सहयोग करना है। 

उन्होंने कहा कि देश ने पिछले दो साल में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना महामारी का डटकर मुकाबला किया। उनके नेतृत्व में भारत में कोविड वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया गया। साथ ही, दुनिया के कई देशों को वैक्सीन बांटने का काम भी किया गया। सीएम ने कहा कि राज्यभर में कोरोना महामारी कम जरूर हुई है, लेकिन खत्म नहीं हुई है।

उत्तराखंड में 99 नए मरीज मिले, दो की मौत

उत्तराखंड में गुरुवार को कोरोना के 99 नए मरीज मिले और दो संक्रमितों की मौत हो गई। 23 मरीज इलाज के बाद ठीक हुए, जिसके बाद राज्यभर में सक्रिय मरीजों की संख्या 456 हो गई है। जबकि, कोरोना संक्रमण की दर 6.19 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, विभिन्न अस्पतालों से गुरुवार को 1501 मरीजों की रिपोर्ट आई।

टीकाकरण के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. शैलजा भट्ट को टीकाकरण अभियान तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रीकॉशन डोज मामले में भी उत्तराखंड को अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। इसलिए, अधिक से अधिक बूथ बनाकर टीकाकरण किया जाए। इधर, निदेशक-एनएचएम डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि 15 जुलाई से सभी अस्पतालों में 18 की उम्र से अधिक के उन लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाई जाएगी, जिन्हें दूसरी डोज लगाए 26 सप्ताह पूरे हो चुके हैं। प्राइवेट अस्पताल प्रीकॉशन डोज के 386 रुपये प्रति डोज ले रहे थे।

मंत्री आज दून में करेंगे महोत्सव का शुभारंभ

जिलेभर में शुक्रवार से 18 से ऊपर के लोगों को मुफ्त बूस्टर डोज अभियान शुरू हो जाएगा। 15 से 30 जुलाई तक कोविड वैक्सीनेशन अमृत महोत्सव चलाया जाएगा। सीएमओ डॉ. मनोज उप्रेती, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वंदना सेमवाल, कोविन पोर्टल जिला प्रभारी डॉ. आदित्य सिंह, उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी यज्ञदेव थपलियाल ने सभी अस्पतालों, केंद्रों के अफसरों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत दोपहर 12 बजे गांधी अस्पताल से इसका शुभारंभ करेंगे।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here