वायरल हुई भोजपुरी सिंगर बहनों को पुलिस से उलझना पड़ा महंगा – Khabre Fatafat

0
4

बिहार में लालू-राबड़ी परिवार को ‘गारी’ (शादी समारोह में सुनाए जाने वाले एक तरह के पारंपरिक गीत) सुनाकर वायरल हुई भोजपुरी सिंगर बहनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस से उलझने और मारपीट के आरोप में उनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला भोजपुर जिले के धोबहां ओपी क्षेत्र से जुड़ा है। सिंगर बहनों पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहां ओपी अंतर्गत अगरसंडा गांव में वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी एवं विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर अचानक हमला करने का आरोप है। इसे लेकर महिला दारोगा पूजा कुमारी ने संबंधित थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इसमें भोजपुरी की लोक गायिका हेमा पांडेय , करीना पांडेय , सविता पांडेय , मनीषा पांडेय, आकाश पांडेय एवं कंचन पांडेय समेत 14 लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है।

इसके आधार पर पुलिस ने भोजपुरी सिंगर बहनों के परिवार के दो आरोपितों सुशील पांडेय एवं गोविंद पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राथमिकी में षड्यंत्र के तहत पुलिस पर हमला करने एवं सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दस दिनों पहले भूमि विवाद को लेकर हुई थी मारपीट

आपको बताते चलें कि 17 अक्टूबर को धोबहां ओपी के अगरसंडा गांव मेें भूमि विवाद को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। इसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई थीं।

इसे लेकर एक पक्ष से आकाश पांडेय ने गांव के गोपाल पांडेय, जितेन्द्र पांडेय, अनिल पांडेय एवं अंकित समेत 10 के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।

वहीं, दूसरे पक्ष से रवि नारायण पांडेय ने प्राथमिकी दर्ज करवाई थी, जिसमें सुशील पांडेय, आकाश पांडेय एवं जगदीश पांडेय समेत 14 को आरोपित किया गया था।

इस दौरान रविवार को पुन: झगड़े की सूचना पर पुलिस गिरफ्तारी के लिए महिला दारोगा पूजा कुमारी के नेतृत्व में छापेमारी करने गई हुई थी।

धक्का-मुक्की कर महिला दारोगा का मोबाइल छीनने का आरोप

इधर, छापेमारी में गई पुलिस ने पूर्व में हुई मारपीट के मामले में एक आरोपित जितेन्द्र पांडेय को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, दूसरे पक्ष के आरोपितों को पकड़ने एवं विवाद सुलझाने के लिए पुलिस दरवाजे पर पहुंची थी।

आरोप है कि इस दौरान महिला दारोगा पूजा कुमारी और एएसआई संजय कुमार के साथ आरोपित उलझ गए और धक्का-मुक्की के साथ-साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान महिला दारोगा के पास से माेबाइल छीन लिया गया।

आरोप है कि इस दौरान सरकारी रायफल भी छीनने का प्रयास किया गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया। सूचना मिलने पर मुख्यालय से इंस्पेक्टर समेत अन्य को भी वहां भेजा गया था।

परंपरागत मांगलिक गीतों को लेकर चर्चा में रही हैं तीनों बहनें बता दें कि बिहार की भोजपुरी गायिका हेमा पांडेय और उनकी दोनों बहनें करीना पांडेय व सविता पांडेय भोजपुरी के लोकगीतों और परंपरागत मांगलिक गीतों को लेकर सुर्खियों में रही हैं।

पिछले दिनों राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव , पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी , उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और लालू यादव के दामाद शैलेश को ‘गारी’ गीत सुनाते हुए इनका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था।

तीनों बहनें मूल रूप से भोजपुर जिले के अगरसंडा गांव की निवासी हैं। इनका कार्य क्षेत्र बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल भी रहा है।

यूपी-बिहार में मांगल गीत को ‘गारी’ भी कहा जाता है। पहले शादियों में अतिथियों का स्वागत ‘गारी’ से ही किया जाता था।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here