प्यार के साइड इफेक्ट: असम की युवतियों का हरियाणा में सौदा, प्रेमी बन गया दलाल – 24×7 Khabre Fatafat

0
13

भिवानी. हरियाणा के भिवानी में दो प्रवासी लड़कियों को प्यार के नाम पर उन्हीं के प्रेमी द्वारा लाखों रूपये में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. फिलहाल दोनों नाबालिग बहनों का रेस्क्यू कर उनके परिजनों को बुलाया गयाा है.

प्रेम के नाम पर दलाली के इस गोरखधंधे का जब खुलासा हुआ तो हर कोई हैरान था.

दरअसल हुआ यूं कि चाइल्ड केयर हेल्पलाइन पर किसी ने फोन कर शिकायत दी कि भिवानी के बहल थाना क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों को शादी के नाम पर लाखों रुपये में बेचा गया है. इस शिकायत के आधार पर CWC (बाल कल्याण समिति) की टीम ने क्राइम ब्रांच व DCPO (ज़िला बाल संरक्षण अधिकारी) टीम के साथ सरल गांव में रेड की लेकिन वहां कुछ नहीं मिला. उसके बाद एक मोबाइल नंबर को पंचकूला साइबर सेल से ट्रेस करवाया गया, जिसके बाद दोनों बहनों में एक को हरियावास गांव के खेतों से तो दूसरी को बिधनोई गांव से रेसक्यू किया गया.

भिवानी क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच, CWC व DCPO की संयुक्त टीम ने इन असम निवासी दोनों नाबालिग बहनों को रेस्क्यू किया है. उन्होंने बताया कि असम में इन दोनों नाबालिग बहनों के अपहरण का मामला दर्ज है. अब दोनों का मेडिकल करवाकर CWC को सौंपा जाएगा. आगामी कार्यवाही CWC करेगी. इस मामले में CWC के मेम्बर सतेन्द्र तंवर ने बताया कि भिवानी ज़िला के बहल क़स्बा निवासी एक युवक असम से इन दोनों बहनों को प्यार के जाल में फंसा कर लाया और यहां अपने पड़ोस के गांव हरियावास व बिशनोई गांव में एक को 1.10 व दूसरी को 1.30 लाख में शादी के नाम पर बेच दिया.

उन्होंने कहा कि दोनों नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू कर उनके परिजनों को बुलाया है. फिलहाल दलाल रूपी प्रेमी फरार है, जिसकी जल्द गिरफ़्तारी की जाएगी. प्यार के जाल में नाबालिगों को फंसाकर उन्हें पशुओं से भी कम कीमत में बेचने के इस मामले का सबसे बड़ा कारण गिरता लिंगानुपात व भ्रूण हत्या है, जिसके चलते आर्थिक रूप से कमजोर युवा लड़कों की शादियां नहीं हो रही, जिसके चलते वो युवा और उनके परिजन किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. ऐसे में देखना होगा कि शादी ना होने की समस्या का समाधान व ऐसे दलालों का इलाज कब और कैसे होता है

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here