आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी बधाई – 24×7 Khabre Fatafat

0
18

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी। सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री को बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं। इस बीच, आदित्यनाथ ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर की गोशाला में पौधारोपण किया.

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी जन्मदिन की बधाई

गोरखपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘यूपी के गतिशील मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बधाई। उनके कुशल नेतृत्व में, राज्य ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने राज्य के लोगों के लिए जन-समर्थक शासन सुनिश्चित किया है। लोगों की सेवा के लिए उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करते हैं।’

गृह मंत्री अमित शाह ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उत्तर प्रदेश को ‘विकासोन्मुखी सरकार’ देने के लिए आदित्यनाथ के जन्मदिन पर उनकी प्रशंसा की। शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बधाई। मोदी जी के मार्गदर्शन में आपने जिस तरह उत्तर प्रदेश को गुंडा राज और माफिया राज से मुक्त कराकर विकासोन्मुख सरकार दी है, उससे प्रदेश  राज्य नए रिकॉर्ड बना रहा है। प्रगति कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी यूपी के मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि वह समर्पित भावना के साथ राज्य के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में पूरी ताकत और युक्ति से जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बधाई। प्रदेश की जनता के कल्याण और विकास के लिए वे समर्पित भाव से निरंतर परिश्रम कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें।’

पांच जून 1972 को हुआ जन्म

आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के एक गांव में हुआ था। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के आंदोलन में शामिल होने के लिए घर छोड़ दिया और गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के महंत अवैद्यनाथ के शिष्य बन गए। वह गोरखनाथ मठ के मुख्य पुजारी भी हैं। 

सबसे कम उम्र में बने सांसद

आदित्यनाथ ने 1998 में गोरखपुर से सबसे कम उम्र का सांसद बनने के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। वह 1998 से 2017 तक लगातार पांच बार गोरखपुर के सांसद रहे। आदित्यनाथ ने अपने पूरे पांच साल के कार्यकाल के बाद इस साल की शुरुआत में दूसरी बार सबसे अधिक आबादी वाले राज्य की बागडोर संभाली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने योगी आदित्यनाथ के काम की सराहना की और उनका नारा ‘यूपी प्लस योगी, बहुत है उपयोगी’ काफी लोकप्रिय हुआ। 

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here