पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने रेत माफिया को लेकर उठाए सवाल, कहा- गपोड़ शंख हैं अरविंद केजरीवाल – 24×7 Khabre Fatafat

0
29

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्‍य की आम आदमी पार्टी की सरकार और आप के कन्वीनर अरविंद केजरीवाल पर‍ निशाना साधा है। सिद्धू ने राज्‍य में रेत मा‍फिया को लेकर भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाया। इसके साथ ही उन्‍होंंने केजरीवाल के लिए अमर्यादित शब्‍द का प्रयोग किया और कहा कि वह ‘गपोड़ शंख’ हैं। दूसरी ओर, सिद्धू अपने खिलाफ पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष हरीश चौधरी की शिकायत के बारे में चुप्‍पी साध ली। 

रेत माफिया को लेकर उठाए सवाल, कहा- गपोड़ शंख हैं अरविंद केजरीवाल 

सिद्धू ने यहां मीडिया से बात करते हुए राज्‍य में रेत के बढ़ते दामों का मामला उठाया और माइनिंग माफिया पर आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि माइनिंग रोकना इसका हल नहीं है बल्कि ठेकेदारी सिस्टम खत्म करके ही इससे सरकार को पैसे आ सकते हैं।

सिद्धू ने अरविंद केजरीवाल द्वारा रेत माइनिंग से 20 हजार करोड़ रुपये की कमाई होने के दावे पर सवाल उठाया। सिद्धू ने कहा कि न तो अकाली सरकार और न ही कांग्रेस की सरकार रेत खनन से  200 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा सकी है। केजरीवाल के दावे भी झूठ का पुलिंदा ही हैं।

उन्होंने कहा कि दो महीने पहले जब कांग्रेस की सरकार थी तो रेत 900 रुपये सैकड़ा थी यानि 3600 रुपये में एक ट्राली रेत मिल जाती थी। इसके एक महीले बाद 2200 रुपये सैकड़ा हो गई यानी 88 सो रुपये की एक ट्राली। अब एक ट्राली रेत 16000 रुपये में मिल रही है। इस कारण निर्माण कार्य बंद पड़े हुुए हैं और बेरोजगार मजदूर सरकार की तरफ देख रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में निर्माण का सारा ही व्यापार ठप पड़ा हुआ है। बातें आप आम आदमी की करते हैं पर रेत तो खास के लिए भी लेनी मुश्किल हुई पड़ी है। जिन लोगों ने घर बनाने के लिए लोन लिया हुआ था वे भी सरकार की नीतियों से परेशान हैं।

सिद्धू ने अपने अंदाज में कहा, आम आदमी पार्टी की सरकार का कोई वकार ही नहीं है। जब तक ठेकेदारी सिस्टम खत्म नहीं होता 20 हजार करोड़  रुपये तो क्या आप (राज्‍य सरकार) रेत खनन से 200 करोड़ रुपये भी निकाल कर दिखाएं तो मैं मान जाऊंगा। जब तक पंजाब सरकार की नीति आएगी तब तक तो पंजाब बर्बाद हो जाएगा।

अपने शायराना अंदाज में सिद्धू ने कहा, ‘ मिट गया जब मिटने वाला, फिर पयाम आया तो क्या, दिल की बर्बादी के बाद उनका सलाम आया तो क्या।’ सिद्धू ने कहा कि आप सरकार ने 7000 करोड़ का ने कर्जा उठा लिया है। पहले बड़ी-बड़ी घोषणा करते थे।

पंजाब में अराजकता इसलिए है क्योंकि सबसे खतरनाक आदमी है भूखा आदमी। मजदूर को जब रोजगार ही नहीं मिलेगा तो गरीब क्या करेगा। आप के नेताओं ने पंजाब में झूठ बेचा है इसलिए इस अराजकता के लिए भी आप ही जिम्मेदार हैं।

पत्रकारों ने यह पूछे जाने पर पंजाब कांग्रेस इस विषय पर बोल नहीं रही आप ही बोल रहे हैं, इस पर सिद्धू ने कहा कि मेरे पास नैतिकता की ताकत है और मुझे किसी का डर नहीं है। उन्होंने कहा कि रेत का मसला इतना गंभीर मामला है कि सरकार इस पर गिर चुकी है। अकेली माइनिंग रोक देना इसका हल नहीं है। जब तक लोगों को सही दर पर में रेत नहीं मिलेगी तब तक मजदूरों को भी रोजगार नहीं मिलेगा।

सिद्धू ने कहा कि इससे आपकी नीयत का पता चलता है कि आपके पास कोई माइनिंग पालिसी नहीं थी और आपने झूठ बोला था। अगर पालसी होती तो वह पहले दिन से लागू होती। मेरा मकसद यही बताना है कि पंजाब नीतियों से आगे आएगा।

केजरीवाल पर हमला करते हुूए उन्होंने कहा कि हिमाचल की ठंडी हवाओं में उन तक पंजाब की बात नहीं पहुंचेगी। लेकिन पंजाब की पीठ लगाकर मैं उन्‍हें आगे नहीं निकलने दूंगा। उनके झूठ का सिद्धू पर्दाफाश करता ही रहेगा। दुनिया में बड़े झूठे देखे पर केजरीवाल से बड़ा कोई नहीं है। आप तो सुखबीर गप्पी को भी पार कर गए हो। आप ‘गपोड़ शंख’ हो।

उन्होंने कहा कि पंजाब के कानून-व्‍यवस्‍था को छोड़कर हर मसले का हल आय के स्त्रोत हैं। इन लोगों से तो कानून-व्‍यवस्‍था भी कंट्रोल नहीं हो रहा और पंजाब गिरवी रख दिया है। लोगों के इन मुद्दों पर पहरा देना मेरी ड्यूटी थी है और मैं करता रहूंगा।

पत्रकारोंं के पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष हरीश चौधरी द्वारा कांग्रेस आलाकमान व अनुशासन कमेटी को भेजी शिकायत के बारे में पूछे जाने पर नवजोत सिद्धू टाल गए। बता दें कि हरीश चौधरी ने कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अनुशासन कमेटी को नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ शिकायत भेज कर कार्रवाई की मांग की है। 

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here