एम.बी.एम. विवि में आमुखीकरण एवं प्रवेशोत्सव का पाँचवाँ दिन: नशा मुक्ति, प्लेसमेंट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर केंद्रित रहे सत्र

0
1

 

जितेन्द्र पुरोहित

जोधपुर । एम.बी.एम. विश्वविद्यालय में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए आयोजित आमुखीकरण एवं प्रवेशोत्सव के क्रम में  विश्वविद्यालय सभागार में कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए।

विश्वविध्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आर्किटेक्ट कमलेश कुम्हार ने बताया की सुबह के सत्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), जोधपुर के वक्ता डॉ. विजय कुमार सैनी ने ‘नशा मुक्ति एवं लत लगने से बचाव जागरूकता’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कई बार उचित जानकारी के अभाव में विद्यार्थी नशे की चपेट में आ जाते हैं। डॉ. सैनी ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इससे बचने तथा आवश्यकता पड़ने पर सलाह एवं उचित उपचार लेने की सलाह दी।

तत्पश्चात् छात्र कल्याण समिति के अधिष्ठाता प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. विकास कपूर तथा संचालन समिति के मानद सदस्य प्रो. पियूष चौधरी ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के बारे में जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया।

इसके बाद विश्वविद्यालय की प्रशिक्षण एवं नियुक्ति अधिकारी डॉ. रमा मेहरा ने विद्यार्थियों को करियर एवं प्लेसमेंट संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप के माध्यम से प्राप्त व्यावहारिक प्रशिक्षण भविष्य में कैंपस प्लेसमेंट के अवसरों को मजबूत करता है। साथ ही, उन्होंने प्लेसमेंट के आवश्यक मानदंडों तथा प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।

तत्पश्चात् डॉ. अभिषेक गौर ने ‘ए.आई. परिचय’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल कंप्यूटर विज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उपयोग लगभग हर क्षेत्र में किया जा सकता है। उन्होंने मशीन लर्निंग एवं ए.आई. आधारित प्रणालियों में सही इनपुट और सटीक निर्देश देने के महत्व पर प्रकाश डाला।

दोपहर के सत्र में प्रो. आलोक सिंह गहलोत के निर्देशन में रोबोटिक्स की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न रोबोट—जैसे सेल्फ-बैलेंसिंग रोबोट, जेस्चर-नियंत्रित कार, टिक-टैक-टो खेलने वाला रोबोट तथा रोबोटिक आर्म—का प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर नव-प्रवेशित विद्यार्थियों को भी मंच पर आमंत्रित कर रोबोटिक्स की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर दिया गया।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here