
जितेन्द्र पुरोहित
जोधपुर। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक मौके पर ही पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में महिलाओं, किसानों एवं आमजन को त्वरित राहत प्रदान करते हुए प्रशासनिक समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
*प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से गर्भवती महिलाओं को मिला आर्थिक एवं पोषण संबल*
पंचायत समिति शेरगढ़ की ग्राम पंचायत चाबा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनवाड़ी केंद्र टेलासर की लाभार्थी श्रीमती भंवरी पत्नी श्री कालूराम एवं श्रीमती पुष्पा पत्नी श्री देवाराम के प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्रथम गर्भधारण पर ऑनलाइन आवेदन मौके पर ही दर्ज किए गए। योजना के तहत दोनों लाभार्थियों को ₹6,500 की सहायता राशि प्राप्त होगी। इस अवसर पर पारंपरिक गोद भराई रस्म भी आयोजित की गई तथा लाभार्थियों को फल, मिठाई, नारियल एवं चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण सेवाओं की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
*10 वर्षों पुरानी नाम त्रुटि का शिविर में हुआ समाधान*
पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत जवाहर नगर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान खातेदार श्री बबलू सिंह के राजस्व रिकॉर्ड में लगभग 10 वर्षों से चली आ रही नाम संबंधी त्रुटि का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर प्रभारी श्री समंदर सिंह भाटी, सहायक शिविर प्रभारी श्री सवाई सिंह, भू-अभिलेख निरीक्षक श्री गजेसिंह तथा पटवारी श्री हिमांशु सोढ़ा द्वारा रिकॉर्ड की जांच कर सही नाम दर्ज करने की कार्रवाई पूर्ण की गई। वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने पर लाभार्थी ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
*खेत तलाई योजना से किसान को मिला ₹1.20 लाख का अनुदान*
पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत मां सती नगर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा किसान श्री तेजाराम पुत्र श्री अचलाराम जाट को खेत तलाई योजना के अंतर्गत ₹1.20 लाख का अनुदान स्वीकृत किया गया। अनुदान मिलने पर लाभार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया तथा इस योजना को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















