दो नंबरी दो नवंबर को हाजिर हों’, केजरीवाल और मोइत्रा पर निशाना साध बोले BJP सांसद – 24×7 Khabre Fatafat

0
8

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा दो अलग-अलग मामलों में पूछताछ का सामना कर रहे हैं। आज एक तरफ शराब नीति मामले में ईडी केजरीवाल से पूछताछ करेगी, जिसके सिलसिले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आप सांसद संजय सिंह जेल में हैं। वहीं दूसरी ओर, महुआ मोइत्रा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और वकील जय अनंत देहाद्रई द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए ‘पैसों के बदले सवाल पूछने’ के आरोपों पर अपना बयान देने के लिए लोक सभा आचार समिति के समक्ष पेश होंगी। इस बीच, अरविंद केजरीवाल और महुआ मोइत्रा दोनों को भ्रष्ट बताते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि दोनों दो नंबरी दो नवंबर को हाजिर होंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दोनों नेताओं को दो नंबरी कहा है।

अरविंद केजरीवाल और दिल्ली शराब नीति मामला
सीबीआई ने अप्रैल में शराब नीति मामले में केजरीवाल से पूछताछ की थी। इस बार ईडी ने दिल्ली के सीएम को शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। हाल ही में, सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि विपक्षी नेताओं को चुप कराने की भाजपा की लंबी योजना के तहत पूछताछ के बाद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है। आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि केजरीवाल के बाद हेमंत सोरेन, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, पिनराई विजयन, एमके स्टालिन और फिर महाराष्ट्र के विपक्षी नेताओं की बारी होगी। वहीं, आप के सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यही भाजपा चाहती है कि हर कोई जेल में हो।

पैसों के बदले सवाल मामला
लोकसभा में पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा आज संसद की आचार समिति के सामने पेश होंगी। महुआ की पेशी से पहले बुधवार को गृह, विदेश और आईटी मंत्रालय ने कमेटी को अपनी-अपनी रिपोर्ट पेश कर दी है। इसमें आईटी मंत्रालय ने सांसद की आईडी दुबई में 49 बार लॉग-इन होने की पुष्टि की है। कमेटी ने गृह मंत्रालय से तृणमूल सांसद की पांच साल के दौरान विदेश दौरे और विदेश मंत्रालय ने इस दौरान उनकी गतिविधियों की जानकारी मांगी थी। दोनों मंत्रालयों ने इससे संबंधित रिपोर्ट दे दी है। अब इन सूचनाओं के आधार पर कमेटी तृणमूल सांसद से पूछताछ करेगी। कमेटी संभवत: इस रिपोर्ट के बाद अपनी सिफारिश लोकसभा स्पीकर को भेज देगी।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here