
बहुत से ऐसे टर्म्स हैं, जो हम अपने आसपास के लोगों से बहुत बार सुनते हैं लेकिन हमें इसका मतलब नहीं पता होता है. कई बार ये टर्म हमारी-आपकी रोज़ाना की ज़िंदगी से जुड़े हुए होते हैं तो कई बार हम इन्हें समाज में खूब सुनते हैं.
एक ऐसा ही टर्म है- लाइन हाज़िर , जो आपने कई बार सुना होगा लेकिन शायद ही इस टर्म के बारे में ज्यादा लोग विस्तार से जानते होंगे.
आपने समाचारों में देखा या पढ़ा होगा कि पुलिस वाले को किसी गलती या लापरवाही की वजह से लाइन हाजिर कर दिया गया है. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कोरा पर भी एक यूज़र ने हाल ही में पूछा कि पुलिस सर्विस में लाइन हाज़िर का क्या मतलब होता है, जो पुलिसकर्मी इससे इतना डरते हैं. चलिए जानते हैं इस टर्म का मतलब आखिर होता क्या है.
लाइन हाज़िर का क्या होता है मतलब?
अक्सर पुलिसकर्मियों को सज़ा के तौर पर लाइन हाजिर किया जाता है. कोरा पर इस सवाल के जवाब में लोगों ने तरह-तरह की जानकारी दी है. इसका मतलब ये है कि पुलिसकर्मी को उस थाने से हटा दिया जाता है, जहां वो ड्यूटी करता था. उसकी ड्यूटी सीधे पुलिस मुख्यालय यानि पुलिस लाइन में लगा दी जाती है. इस दौरान ना तो पुलिसकर्मी से कोई बड़ा काम कराया जाता है, ना ही उसे किसी केस में शामिल किया जाता है. जब तक उस पर लगे आरोप हट नहीं जाते, वो किसी आधिकारिक काम में इनवॉल्व नहीं किया जाता है. लाइन अटैच या लाइन हाज़िर के दौरान वो अधिकारियों की सीधी निगरानी में होता है और छोटी-मोटी गलतियों पर सज़ा मिल जाती है और कई बार बड़ी गलती होने पर बर्खास्तगी तक हो जाती है.
मिलती रहती है सैलरी …
अलग-अलग यूज़र्स ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि दरअसल ये शब्द अंग्रेज़ों के ज़माने से इस्तेमाल होता आया है. लाइन हाज़िर पुलिसकर्मी पर जांच बैठाई जाती है और उसे स्पष्टीकरण देना होता है. इस दौरान उसे सैलरी पूरी मिलती रहती है लेकिन कोई छुट्टी नहीं मिलती. अगर उस पर आरोप साबित हो गया, तो उसकी सैलरी रोक दी जाती है. डिपार्टमेंट में लाइन अटैच या लाइन हाज़िर को काफी बेइज्ज़ती से देखा जाता है, यही वजह है कि कोई भी पुलिसकर्मी इससे घबरा जाता है.
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।



















