पांच राज्यों में बजा चुनावी बिगुल, कांग्रेस ने मोहब्बत तो बीजेपी ने विकास के लिए मांगा वोट – 24×7 Khabre Fatafat

0
20

भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है. मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में एक ही चरण में चुनाव होंगे.

इन राज्यों में क्रमश: 17, 23, 30 और 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. वहीं, छत्तीसगढ़ में मतदान दो चरणों में होगा. पहले चरण के लिए 7 नवंबर को और दूसरे चरण के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा. चुनाव की घोषणा के बाद इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उनकी पार्टियों की प्रतिक्रिया सामने आई है.

चुनाव की घोषणा के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पिछले पांच साल के लिए जनता का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, आपके आशीर्वाद से हमें 5 साल जनसेवा करने का मौका मिला. आपके सहयोग से हमने सारे काम दिल से किए हैं. बचत, राहत, बढ़त की ऐतिहासिक योजनाओं को लागू करके हमने हर घर में मुस्कान बिखेरने की कोशिश की है. पहले की तुलना में राजस्थान चार गुना रफ्तार से आगे बढ़ रहा है. हमारा उद्देश्य नंबर-1 राजस्थान के संकल्प को साकार करना है.

भूपेश बघेल बोले- हम तैयार हैं

वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट कर कहा, हम तैयार हैं. उन्होंने एक कविता के जरिए कहा कि अब माटी के अभिमान के लिए युद्ध शुरू हो चुका है. छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान का रथ रुकेगा नहीं. नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने के संकल्प के साथ हर एक छत्तीसगढ़िया तैयार है, एक बार फिर से भरोसे के हाथ जुड़ेंगे.

‘बीजेपी अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल करेगी’

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, लोकतंत्र के महापर्व में जनता भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है. क्योंकि चुनाव के जरिए वह अपनी अगली सरकार को चुनेगी, जो मध्य प्रदेश का भविष्य बनाएगी. उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश एक शालीन प्रदेश है. हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में एक अद्भुत नेतृत्व है और वो मध्य प्रदेश की जनता के दिल में हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि राज्य में बीजेपी अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल करेगी.

चुनाव की घोषणा पर क्या बोलीं पार्टियां?

चुनाव घोषित होने पर भारतीय जनता पार्टी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि जिसने देश का मान बढ़ाया है इस बार उसके लिए मतदान कीजिए. वहीं, कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट करते हुए कहा है कहा कि, आपका वोट मोहब्बत के नाम. राहुल गांधी अक्सर यह कहते रहते हैं कि वो नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलेंगे

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here