MP-राजस्थान समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का आज होगा ऐलान, EC ने 12 बजे बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस – 24×7 Khabre Fatafat

0
7

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का आज ऐलान हो होगा. चुनाव आयोग ने आज 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है. मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने हैं.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को अगले साल होने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है. छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है तो मध्य प्रदेश में बीजेपी काबिज है. तेलंगाना में बीआरएस और मिजोरम में एमएनएफ जैसी क्षेत्रीय पार्टी की सरकार है.

माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव कराया जा सकता है. इनके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में एक ही चरण में चुनाव कराने का ऐलान संभव है. नवंबर महीने के मध्य से चुनावी प्रक्रिया शुरू हो सकती है, जो दिसंबर के मध्य तक चल सकती है. संभावना है कि चुनाव आयोग मतदान के लिए 10 से 15 दिसंबर के बीच की तारीख तय करे.

2018 के विधानसभा चुनावों का कब हुआ था ऐलान?

2018 में चुनाव आयोग ने 6 अक्टूबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी. साल 2018 में छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव कराए गए थे. मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में एक ही चरण में चुनाव कराए गए थे. छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान 18 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को जबकि दूसरे चरण का मतदान 72 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को हुआ था. इसी तरह मध्य प्रदेश और मिजोरम में 28 नवंबर को एक चरण में चुनाव हुए थे, जबकि राजस्थान और तेलंगाना में 7 दिसंबर को वोट डाले गए. सभी पांच राज्यों में चुनाव की मतगणना 11 दिसंबर 2018 को एक साथ हुई थी.

किस राज्य में, किसकी सरकार?

मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं, जिसमें से बीजेपी के 128, कांग्रेस के 98, बसपा के एक और तीन निर्दलीय विधायक हैं. यहां बीजेपी की सरकार है.
राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें है, जिसमें कांग्रेस के 108, बीजेपी के 70, आरएलडी एक, आरएलएसपी 3, बीटीपी 2, लेफ्ट 2 और 13 निर्दलीय विधायक हैं. यहां कांग्रेस की सरकार है.
छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा सीटें है, जिनमें कांग्रेस के 71, बीजेपी के 15, बसपा के दो, जेजेएस एक विधायक हैं. यहां कांग्रेस के भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं.
मिजोरम में कुल 40 विधानसभा सीटें हैं, जिसमें से एमएनएफ के 27, जेपीएम 6, कांग्रेस 5, बीजेपी 1 और टीएमसी के एक विधायक हैं. यहां एमएनएफ की सरकार है और पार्टी अध्यक्ष जोरामथांगा सीएम हैं.
तेलंगाना में कुल 119 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से बीआरएस के 99, कांग्रेस के 7, एआईएमआईएम के 7, बीजेपी के 3 और निर्दलीय 2 विधायक हैं. यहां बीआरएस की सरकार है और के चंद्रशेखर राव सीएम हैं.
क्या है पांचों राज्यों में विधानसभा के कार्यकाल समाप्त होने की तारीख?

17 दिसंबर 2023 को मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है.
6 जनवरी 2024 को मध्यप्रदेश विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो जाएगा.
3 जनवरी 2024 को छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो जाएगा.
14 जनवरी 2024 को राजस्थान का कार्यकाल समाप्ता हो जाएगा और उससे पहले नई सरकार का गठन हो जाना चाहिए.
16 जनवरी 2024 को तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है.

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here