क्रिकेट वर्ल्डकप का आगाज, देश की इकोनॉमी को मिलेगा बूस्ट, महंगाई की भी टेंशन – 24×7 Khabre Fatafat

0
10

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का आगाज हो चुका है। इस बार भारत में क्रिकेट वर्ल्ड कप होने की वजह से देश की इकोनॉमी को बूस्ट मिलने की उम्मीद है। बैंक ऑफ बड़ौदा के अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि यह आईसीसी टूर्नामेंट मेजबान देश यानी भारत की इकोनॉमी को 220 अरब रुपये (2.6 बिलियन डॉलर) तक बढ़ा सकता है।

आपको बता दें कि इससे पहले भारत ने साल 2011 के वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी।

10 शहरों में होंगे मैच
अर्थशास्त्री जान्हवी प्रभाकर और अदिति गुप्ता ने एक नोट में लिखा- इस टूर्नामेंट के मैच 10 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। देश और विदेशी क्रिकेट फैंस के इन शहरों में आने-जाने से एविएशन, हॉस्पिटैलिटी समेत लोकल मार्केट को बड़ा फायदा मिलेगा। यह टूर्नामेंट ऐसे समय में हो रहा है जब देश में त्योहारी माहौल है। इस दौरान नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस, दीपावली जैसे महापर्व हैं। ऐसे मौकों पर बाजार की रौनक बढ़ जाती है, जो देश के साथ विदेशी प्रशंसकों को भी आकर्षित करेगा।

दर्शकों की संख्या बढ़ने का फायदा
अर्थशास्त्रियों को उम्मीद है कि टेलीविजन और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म सहित टूर्नामेंट के लिए कुल भारतीय दर्शकों की संख्या 2019 में देखे गए 552 मिलियन से कहीं अधिक होगी। इससे टीवी अधिकारों और प्रायोजन राजस्व में 105 बिलियन रुपये से 120 बिलियन रुपये जुटाए जा सकते हैं। टूर्नामेंट टिकटों की बिक्री, होटल, रेस्तरां और खाद्य वितरण पर जीएसटी कलेक्शन में वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे सरकारी खजाने को मजबूती मिलेगी।

महंगाई बढ़ने का डर
हालांकि, वर्ल्डकप की वजह से महंगाई बढ़ने की भी आशंका है। अर्थशास्त्रियों ने कहा कि सामान्य दिनों के मुकाबले टूर्नामेंट की अवधि के दौरान एयरलाइन टिकट, होटल किराये में वृद्धि हुई है। मेकमाईट्रिप, ओयो और यात्रा ऑनलाइन के बुकिंग रुझानों के मुताबिक अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु, दिल्ली, कोलकाता और धर्मशाला में होटलों की मांग बढ़ी है।

होटल बुकिंग में बड़ा उछाल
बीते दिनों मेकमाईट्रिप के सीईओ राजेश मागो ने बताया था कि अहमदाबाद में मैच वाले दिन बुकिंग ऊंची बनी हुई है, जिसमें होटल और होमस्टे की बुकिंग में अगस्त में दैनिक औसत बुकिंग की तुलना में 200 प्रतिशत वृद्धि देखी गई। इसी तरह, धर्मशाला में मैच वाले दिन बुकिंग अगस्त की औसत दैनिक बुकिंग का 605 प्रतिशत हो गई है। लखनऊ में भारत के मैच वाले दिन दरें औसत दैनिक बुकिंग से 50 प्रतिशत अधिक हैं। ओयो का कहना है कि वर्ल्डकप कार्यक्रम की घोषणा के बाद अक्टूबर और नवंबर के लिए बुकिंग में 777 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ अहमदाबाद सबसे आगे है। ओयो के प्रवक्ता ने कहा कि हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली में भी क्रमशः 102 प्रतिशत, 81 प्रतिशत और 39 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।

अहमदाबाद की डिमांड क्यों
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप 2023 का पहला मैच 5 अक्टूबर यानी आज इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेला जा रहा है। यहीं पर 14 अक्टूबर को ‘बहुप्रतीक्षित’ भारत बनाम पाकिस्तान मैच भी होगा। टूर्नामेंट का फाइनल भी 19 नवंबर को यहीं खेला जाएगा। फाइनल के लिए 20 नवंबर को रिजर्व डे के तौर पर रखा गया है।

हवाई किराया भी बढ़ा
मैच वाले दिनों पर हवाई किराये में दो-तीन गुना वृद्धि हुई है जबकि चार-पांच सितारा होटलों का किराया 10-15 गुना बढ़ गया है। विश्वकप के मेजबान शहरों में तीन-सितारा, इससे कम श्रेणी के होटलों में भी कमरों का किराया दोगुना तक हो गया है। एक अनुमान है कि अक्टूबर और नवंबर के लिए मुद्रास्फीति 0.15% -0.25% के बीच बढ़ सकती है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here