मध्य प्रदेश: रीवा जिले में हुआ दर्दनाक हादसा, 15 मजदूरों की मौत – 24×7 Khabre Fatafat

0
31

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी पहाड़ में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 3 वाहनों की भीषण टक्कर हो जाने से लगभग 15 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि 40 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा एमपी-यूपी की सीमा को जोड़ने वाले नैशनल हाईवे 30 पर हुआ है। ये सभी मजदूर दिवाली मनाने घर जा रहे थे। घटना की जानकारी लगने के बाद सोहागी पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए लोगों को त्योंथर सिविल अस्पताल के साथ ही रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।

यह पूरी घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। बस जबलपुर से चलकर रीवा के रास्ते प्रयागराज जा रही थी। बताया जा रहा है कि दीपावली की खुशियां मनाने सिकंदराबाद से बस में सवार होकर यात्री अपने घर लखनऊ जा रहे थे। इस बीच पहले यात्री बस कटनी पहुंची। बस में लखनऊ के लिए कटनी से और सवारियों को भरा गया। इसके बाद बस सवारियों को लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ के लिए रवाना हुई। जैसे ही बस रीवा के सोहागी पहाड़ में पहुंची तो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। वह ट्रक गिट्टी से लोड था। टक्कर लगते ही बस पलट गई। इस दौरान बस के बोनट और आगे की सीट पर बैठे सभी यात्रियों की मौत हो गई।

बस में सवार थे 100 से अधिक यात्री
बताया जा रहा है कि बस में 100 से अधिक यात्री सवार थे। दरअसल बस जैसे ही सोहागी पहाड़ के समीप पहुंची तभी बस के आगे जा रहे ट्रक की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। इस दौरान अनियंत्रित होकर बस भी ट्रक के पीछे से भिड़ गई और पलट गई। जिस वाहन की ट्रक से भिड़ंत हुई थी, उसका ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से लापता है। घटना के बाद से पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस की मानें तो मृतकों में सभी यात्री उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के रहने वाले हैं, जिनके परिजनों को खबर करने के लिए अभी प्रशासनिक टीम उनकी तलाश कर रही है।

पुलिस ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी लगते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मौके पर तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी नवनीत भसीन भी घटना स्थल पहुंचे।

शिवराज ने जताया दुख, CM योगी से की बात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात रीवा जिले में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। चौहान ने शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और बताया कि हादसे में जिन यात्रियों की मृत्यु हुई है उनके पार्थिव शरीर अभी त्योथर में रखे हुए हैं, मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें ससम्मान प्रयागराज पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही जो व्यक्ति सुरक्षित हैं या कम घायल हैं, उन्हें फर्स्ट एड दे कर रात को ही दो बसों के माध्यम से प्रयागराज पहुंचाया गया है। ऐसे यात्री जो गंभीर रूप से घायल है उनका इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क किया जा रहा है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here