तमाम आयोजनों को आशातीत सफलता देने के लिए समर्पित भाव से जुटें – श्री हिमांशु गुप्ता
जोधपुर, 23 अगस्त/जिला कलेक्टर श्री हिमांशु गुप्ता ने मंगलवार को राजीव गांधी सेवा केन्द्र में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक्स-2022 के आयोजन के सम्बन्ध में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय बैठक ली और इससे जुड़ी तमाम गतिविधियों को आशतीत सफलता प्रदान करने के लिए पूरे मनोयोग से दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए।
अद्यतन जानकारी पंचायत स्तरीय पॉर्टल पर करें अपलोड
बैठक में जिला कलेक्टर ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक्स-2022 के सम्बन्ध में निर्देशित किया कि सम्बन्धितों द्वारा शीघ्रातिशीघ्र खेल मैदान एवं खेल सामग्री सम्बन्धित अद्यतन जानकारी पंचायत स्तरीय ऑनलाईन पॉर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही फ्लेक्सेस एवं मुनादी द्वारा अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराएं, ई-पंचायत पर खिलाड़ियों के पूर्वाभ्यास के वीडियों अपलोड कराएं तथा शारीरिक प्रशिक्षकों के वॉट्सअप ग्रुप बनाकर हर स्तर पर एकरुपता एवं समान नियमों के साथ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराया जाना सुनिश्चित करें।
खेल स्पर्धाओं के मुख्य स्थान को करें चिह्नित
उन्होंने कहा कि जिला परिषद, शिक्षा विभाग, खेल विभाग आदि विभिन्न विभाग पारस्परिक समन्वय के साथ मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक्स-2022 के अन्तर्गत सभी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन वृहद् स्तर पर सुनिश्चित कराएं। उन्होंने उपखंड अधिकारियांे को 29 से 31 अगस्त तक आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के लिए अपने क्षेत्र के मुख्य स्थान को चिह्नित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस जाब्ते की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त साईट्स सूचीबद्ध करें
उन्होंने कहा कि विभिन्न खेलों की टीमों की लिस्ट को ग्राम पंचायत स्तर पर सूचीबद्ध कराएं, साथ ही खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए उपयुक्त साईट्स को चिह्नित कराना सुनिश्चित करने और ग्राम पंचायत स्तर पर एम्पायर के चयन के भी निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारियों से ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय प्रायोजकों के माध्यम से जन सहभागिता को बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करें
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक पर स्थानीय विधायक, प्रधान, उपप्रधान आदि जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बड़े कार्यक्रम का आयोजन भी कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि सभी ग्राम पंचायतों पर सरपंच स्तरीय बैठक आयोजित करें ताकि उनके साथ आयोजन से सम्बन्धित जानकारियां साझा करते हुए सुझाव आमन्त्रित किए जा सकें।
बैठक में जिला स्तर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अभिषेक सुराणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री सुनील के. पंवार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री भल्लूराम खीचड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेन्द्र पुरोहित, जिला खेल अधिकारी श्री प्रेमसिंह भाटी तथा उपखण्ड अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















