कानपुर में बिधनू के तुलसियापुर मोड़ पर शोहदे द्वारा तेजाब फेंकने से जख्मी युवती को पुलिस ने सीएचसी में कराया भर्ती… – 24×7 Khabre Fatafat

0
34

कानपुर में शोहदों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि सरेराह छेड़छाड़ की घटनाएं कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बिधनू में सामने आया है, जहां तुलसियापुर मोड़ के पास शोहदे ने छेड़छाड़ के विरोध पर युवती पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया है। 35 वर्षीय युवती पति की मौत के बाद से अकेली है और शोहदा उसे कई दिनों से तंग कर रहा था। पुलिस ने शिकायत पर शोहदे की तलाश शुरू की है। 

बिधनू के तुलसियापुर निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि बीती जनवरी माह में पति की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मासूम बेटे के साथ अकेले रहती है। पति की मौत के बाद परिवार चलाने के लिए वह एक धागा फैक्ट्री में मजदूरी करती है। बुधवार दोपहर को वह फैक्ट्री जा रही थी तभी तौधकपुर रोड तुलसियापुर मोड़ के पास कल्याणपुर निवासी अजय कुमार उसे रोककर अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर उसने जेब से बोतल निकालकर उसपर तेजाब फेंक दिया।

शरीर पर तेजाब गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। शोर सुनकर स्थानीय लोगों के दौड़ाने पर अजय भाग निकला। वह काफी दिनों से उसे तंग कर रहा है। पुलिस ने घायल युवती को सीएचसी में भर्ती कराया और डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया है। प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि युवती का आरोप है कि अजय आते जाते रास्ते में उसे कई दिनों से परेशान कर रहा था। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here