नायब नाजिर की मौत से आक्रोशित कर्मचारी नेताओं ने दी चेतावनी, पढ़े पूरी खबर – 24×7 Khabre Fatafat

0
24

यूपी के प्रतापगढ़ जिले में एसडीएम लालगंज की पिटाई से नायब नाजिर सुनील शर्मा की मौत का मामला गरमाया है। एसडीएम लालगंज व तीन अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट लालगंज कोतवाली में दर्ज हुई है। नायब नाजिर सुनील शर्मा की पिटाई से हुई मौत के मामले में लालगंज के एसडीएम रहे ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं। एसडीएम फिलहाल फरार हैं। विवेचक लालगंज कोतवाल कमलेश पाल ने बताया कि तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

नायब नाजिर की श्रृंगवेरपुर घाट पर की गई अंत्येष्टि

उधर शनिवार की रात में प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज तहसील में तैनात रहे नायब नाजिर सुनील शर्मा के शव का पोस्टमार्टम कराकर प्रशासन ने शव स्वजनों को सौंप दिया। रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे अंतिम संस्कार के लिए स्वजन शव लेकर श्रृंगवेरपुर के लिए रवाना हो गए। लगभग 10 बजे शव लेकर स्वजन श्रृंगवेरपुर घाट पहुंचे। घाट पर अंत्येष्टि की गई। भाई अनिल कुमार ने मुखाग्नि दी। दाह संस्कार के दौरान प्रतापगढ़ जनपद के सदर एसडीएम समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं मंत्री के अलावा अन्य लोग भी श्रृंगवेरपुर घाट पहुंचे थे।

कर्मचारी नेताओं ने आरोपित एसडीएम व अन्‍य की गिरफ्तारी दी की मांग की

नायब नाजिर की मौत से आक्रोशित कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्दी ही आरोपित एसडीएम व अन्य को गिरफ्तार नहीं किया जाता तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। कार्यालयों में काम नहीं होने दिया जाएगा। अंतिम संस्कार हो जाने के बाद इस प्रकरण को लेकर पुलिस-प्रशासन के रुख को लेकर मंथन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने मजिस्‍ट्रेटी जांच के दिए आदेश

प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी ने इस मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। एसडीएम ज्ञानेंद्र को लालगंज से शनिवार रात ही हटा दिया गया था। एसडीएम पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग पर अड़े कर्मियों ने देर रात तक प्रताप बहादुर अस्पताल में हंगामा किया था। मौके पर डीएम व एसपी को आना पड़ा था। एफआइआर की कापी मिल जाने पर कर्मी वहां से हटे थे।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here