CM योगी के शपथ ग्रहण आयोजन में शामिल होने के लिए प्रयागराज से भी गणमान्य लोगों को किया गया आमंत्रित…… – 24×7 Khabre Fatafat

0
43

उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल 25 मार्च को अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम लखनऊ में दूसरी बार शपथ ग्रहण लेंगे। इस दौरान प्रयागराज यानी संगम नगरी में भी उत्सव सा माहौल रहेगा। सभी प्रमुख चौराहों पर सरकार की बधाइयों को लेकर होर्डिंग लगाने के साथ ही सड़कों को भगवा ध्वज से सजाया जाएगा। इसके लिए भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में प्रयागराज के विशिष्‍टजन आमंत्रित

सीएम योगी के शपथ ग्रहण आयोजन में शामिल होने के लिए प्रयागराज से भी गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। इनमें विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री पंकज, केंद्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व विहिप की केंद्रीय प्रबंध समिति के सदस्य दिनेश के साथ संत समाज के लोग भी शामिल हैं। स्वामी वासुदेवानंद, अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि महाराज, महानिर्वाणी अखाड़ा के यमुनापुरी महाराज, राजेश्वरानंद सरस्वती महाराज, सच्चा आश्रम के स्वामी गोपालजी, फलाहारी आश्रम के स्वामी राम रतनदास, श्री बाघंबरी मठ गद्दी के महंत बलवीर गिरि के साथ सभी प्रमुख मठों के संत भी आमंत्रित हैं।

इन्‍हें भी समारोह में बुलाया गया है

भाजपा के प्रयागराज महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने बताया कि यूपी के पूर्व मंत्री डा. नरेंद्र सिंह गौर, डा. केशरीनाथ त्रिपाठी, डा. गिरीश चंद्र त्रिपाठी, इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधाकांत ओझा, पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह भी मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किए गए हैं।

मठ-मंदिरों में होगी पूजा-अर्चना : भाजपा महानगर अध्‍यक्ष

भाजपा महानगर अध्‍यक्ष गणेश केसरवानी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के दिन महानगर के सभी 1297 शक्ति केंद्रों पर स्थित मठ मंदिरों में जनकल्याण को लेकर पूजा-अर्चन की जाएगी। समारोह में महानगर मंडल व शक्ति केंद्र के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, महापौर के अतिरिक्त सभी पार्षद भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

लखनऊ रवाना होने से पूर्व भाजपाई लेटे हनुमान जी का करेंगे पूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए प्रयागराज में यमुनापार के तमाम कार्यकर्ता लखनऊ जाएंगे। इससे पहले वह संगम से गंगाजल व संगम की मिट्टी लेकर त्रिवेणी बांध स्थित लेटे हनुमान जी का आशीर्वाद लेंगे। क्षेत्र में जगह-जगह भाजपा के झंडे के साथ भगवा ध्वज, बैनर आदि लगाए जा रहे हैं।

दुल्‍हन की तरह सजाया जा रहा प्रयागराज का यह इलाका

भाजपा प्रयागराज में यमुनापार जिलाध्यक्ष विभव नाथ भारती ने बताया कि पूरे यमुनापार को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा। यमुनापार के 1558 बूथों व 311 शक्ति केंद्रों के परिक्षेत्र में आने वाले भी मठ मंदिरों पर गुरुवार को पूजा-अर्चना की जा रही है। मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि अरैल के सोमेश्वर महादेव शिव मंदिर में विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here