उत्तराखंड चुनाव: 766 बर्फबारी प्रभावित बूथों में मतदान के लिए मौसम बढ़ेगा मुश्किलें – 24×7 Khabre Fatafat

0
19

विधानसभा चुनावों के लिए 14 फरवरी को होने जा रहे मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां कई किमी का पैदल व थकाऊ सफर तय करने के बाद सभी दुर्गम व बर्फीले बूथों तक पहुंच गई हैं। इन बूथों तक पहंचने के लिए पोलिंग पार्टियों को कई जगह भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि हाड कंपा देने वाली ठंड और खड़ी चड़ाई का मुश्किल पैदल सफर होने के बावजूद मतदान कर्मियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। ठंड से बचने के लिए कई बूथों पर मतदान पार्टियों को आग का सहारा लेना पड़ा तो कई स्थानों पर बिना हीटर व आग के भी रात काटने को मजबूर होना पड़ा। कई स्थानों पर शौचालय आदि की अव्यवस्थाएं देखने में आईं।  

गंगोत्रीपुरी बूथ : पोलिंग बूथ के चारों ओर जमी दो फीट बर्फ
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री में बनाए गए गंगोत्री पुरी पोलिंग बूथ के आसपास दो फीट तक बर्फ जमी हुई है। तापमान शून्य डिग्री के आसपास है लेकिन जहां पोलिंग बूथ बनाया गया है वहां पर पोलिंग टीम के लिए व्यवस्थाएं ठीक हैं। 10 हजार फीट की ऊंचाई पर बने इस पोलिंग बूथ पर 138 मतदाता हैं और आधा किमी का सफर तय कर पोलिंग पार्टी यहां पहुंची हैं। आरओ गंगोत्री चत्तर सिंह चौहान ने बताया कि बर्फीले बूथों पर जो भी दिक्कतें आ रही है, उनका समाधान तत्काल किया जा रहा है।

पिलंग बूथ : आठ किमी पैदल चलकर पहुंची टीम
गंगोत्री विधानसभा के पिलंग बूथ पर पोलिंग पार्टियां आठ किमी का पैदल सफर तय कर पहुंच गई हैं। इस बूथ पर कुल 223 वोटर हैं और बूथ के चारों ओर बर्फ जमी हुई है। दिन में धूप की वजह से तापमान पांच डिग्री के करीब था लेकिन शाम होते होते तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि बूथ पर पोलिंग पार्टी के लिए गर्म पानी आदि की व्यवस्था की गई है। हीटर आदि की व्यवस्था नहीं है।

खाती बूथ: ठंड भगाने के लिए आग का सहारा
बागेश्वर जिले के खाती बूथ पर पोलिंग पार्टी को ठंड से बचने के लिए रविवार रात को आग का सहारा लेना पड़ा। 2800 मीटर की ऊंचाई पर बने इस बूथ पर कुल 290 मतदाता हैं और यहां का तापमान तीन डिग्री के आसपास। हालांकि पोलिंग बूथ पर बर्फ नहीं थी लेकिन मतदान कर्मियों को इस बूथ पर पहुंचने के लिए पांच किमी का पैदल सफर तय करना पड़ा। स्लीपिंग बैग और अन्य सामान के साथ यह पैदल सफर मतदान कर्मियों के लिए खासा थकान भरा रहा।

35 पोलिंग पार्टियां तीन दिन पहले रवाना
चुनाव आयोग के अनुसार पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिले के 35 दुरस्थ पोलिंग स्टेशनों के लिए पोलिंग टीम को तीन दिन पहुंले रवाना कर दिया गया था। इन सभी स्थानों पर टीमें पहुंच भी गई हैं। इसके अलावा राज्य के 1442 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को दो दिन पहले रवाना किया गया था। इन सभी मतदान केंद्रों पर मतदान पार्टी पहुंच चुकी है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here