बिहार में शिक्षकों की बहाली को लेकर सरकार ने इस महत्‍वपूर्ण बदलाव का किया ऐलान – 24×7 Khabre Fatafat

0
30

Bihar Teacher Recruitment: बिहार में शिक्षकों की बहाली को लेकर सरकार ने एक महत्‍वपूर्ण बदलाव का ऐलान किया है। सरकार अब नियुक्ति प्रक्रिया में प्राथमिकता के लिहाज से काम करेगी। सरकार की प्राथमिकता वैसे स्‍कूलों में पहले शिक्षक बहाल करने की है, जहां शिक्षकों की कमी अधिक है। दरअसल,  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। इस क्रम में उन्होंने यह निर्देश दिया कि जहां शिक्षकों की कमी है, वहां नियुक्ति जल्द की जाए ताकि बच्चों के पठन-पाठन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। नीतीश ने सभी पंचायतों में उच्च माध्यमिक विद्यालय के आधारभूत संरचना के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।

शिक्षक-छात्र अनुपात के मानक के करीब पहुंचा बिहार

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत शिक्षक और छात्रों का अनुपात 1: 40 निर्धारित है। इस मानक पर राज्य अब पहुंच गया है। उन्होंने शारीरिक शिक्षक एवं स्वास्थ्य अनुदेशक की नियुक्ति, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों की नियुक्ति तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर नियुक्ति के संबंध में अद्यतन जानकारी दी।

6421 पंचायतों में उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थापना

मुख्यमंत्री को यह जानकारी दी गई कि 6421 पंचायत ऐसी हैं, जहां उच्च माध्यमिक विद्यालय नहीं थे। इन पंचायतों में उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की जा चुकी है। सभी पंचायतों में नौवीं तथा दसवीं की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। इन विद्यालयों में उन्नयन योजना के तहत स्मार्ट क्लास के माध्यम से ई -कंटेट विकसित कर वर्ग संचालन की व्यवस्था की गयी है।

  • जिन जगहों पर शिक्षकों की कमी वहां नियुक्ति प्रक्रिया में आएगी तेजी
  • मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की आनलाइन समीक्षा बैठक में दिए कई निर्देश
  • सभी पंचायतों में उच्च माध्यमिक विद्यालयों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा
  • शिक्षक-छात्र के निर्धारित 1:40 के मानक के करीब पहुंचा बिहार

छात्राओं के शैक्षणिक स्तर बढऩे से प्रजनन दर में कमी आएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि अगर लड़कियां शिक्षित होती हैं, तो प्रजनन दर में कमी आएगी। उसी के आधार पर हमलोगों ने प्रत्येक पंचायत में इंटर तक की पढ़ाई के लिए प्रत्येक पंचायत में उच्च माध्यमिक विद्यालय बनाने का निर्णय लिया। जब हमलोगों ने कार्यभार संभाला था, तब प्रजनन दर 4.3 थी, जो घटकर तीन पर आ गई है। बालिका पोशाक योजना का असर यह हुआ है कि मैट्रिक परीक्षा में लड़कियों की संख्या अब लड़कों से अधिक हो गयी है।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त परामर्शी मनीष कुमार वर्मा, सचिव अनुपम कुमार व विशेष कार्य अधिकारी गोपाल सिंह मौजूद थे। वहीं वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी व अपर मुख्य सचिव संजय कुमार सहित अन्य आला अधिकारी जुड़े हुए थे।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here