बिहार और प्रयागराज क्षेत्र में अभ्यर्थियों के उपद्रव को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे में हाईअलर्ट किया घोषित – 24×7 Khabre Fatafat

0
15

बिहार और प्रयागराज क्षेत्र में अभ्यर्थियों के उपद्रव को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। आरआरबी और आरआरसी कार्यालय, गोरखपुर, कैंट, नकहा, डोमिनगढ़ और जगतबेला रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ रेल लाइनों की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस को भी स्टेशन परिसर के बाहर मुस्तैद रहने को कहा गया है। पुलिस बल ने स्टेशनों की निगरानी बढ़ाने के साथ धर्मशाला-तरंग और गोरखपुर जंक्शन-कैंट के बीच रेल लाइनों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों का कहना है कि वैसे तो यहां आंदोलन की कोई आशंका नहीं है, फिर भी रेलवे प्रशासन किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

अभ्‍यर्थियों से मांगी गई आपत्ति

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार प्रथम चरण के कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम 14 और 15 जनवरी को घोषित हुआ था। अभ्यर्थियों की आपत्तियों को देखते हुए रेल मंत्रालय ने हाई पावर कमेटी गठित की है। अभ्यर्थी rrbcommittee@railnet.gov.in पर 16 फरवरी तक अपनी आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। हाई पावर कमेटी आपत्तियों की गंभीरता से जांच कर चार मार्च तक अपनी रिपोर्ट दे देगी। फिलहाल, 15 फरवरी 2022 से शुरू होने वाली द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा स्थगित कर दी गई है।

एनटीपीसी के 35281 पद के लिए चल रही परीक्षा

भारतीय रेलवे स्तर पर नान टेकनिकल पापुलर कटेगरी (एनटीपीसी) के 35281 पद (स्टेशन मास्टर, गार्ड, सीनियर कामर्शियल क्लर्क, जूनियर एकाउंट्स असिस्टेंट क्लर्क आदि) पर भर्ती के लिए परीक्षा की प्रक्रिया चल रही है। कुल पदों के सापेक्ष 20 गुना 705446 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा के लिए बुलाया गया था। जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे, रायबरेली माडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) और रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड आर्गनाइजेशन (आरडीएसओ) लखनऊ के 1298 पद के 20 गुना अभ्यर्थी भी शामिल थे। 28 फरवरी 2019 को भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हुआ था।

कई लेवल में नाम आने से शुरू हुआ आंदोलन

एक अभ्यर्थी का कई लेवल (टू से सिक्स लेवल तक) में नाम आ जाने से आंदोलन शुरू है।आरोप है कि अधिकतर अभ्यर्थी लेवल टू और सिक्स दोनों में द्वितीय चरण की परीक्षा के लिए चयनित हैं। जबकि, एक लेवल में ही होना चाहिए। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का कहना है कि कुछ आवेदन में टेन प्लस टू की तथा कुछ में स्नातक की शैक्षणिक योग्यता मांगी गई थी। नियमानुसार स्नातक अभ्यर्थी टेन प्लस टू में भी आवेदन कर सकते हैं। लेकिन टेन प्लस टू वाले अभ्यर्थी सिर्फ अपनी कटेगरी में ही आवेदन कर सकते हैं। स्नातक की योग्यता वाले अधिकतर अभ्यर्थियों ने कई कटेगरी में आवेदन किया है। ऐसे में एक से अधिक लेवल में उनकी योग्यता एवं मेरिट के आधार चयन किया गया है। नियमानुसार रिक्त पदों के सापेक्ष 20 गुना अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण की परीक्षा के लिए बुलाया गया है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here