सीएम योगी दो द‍िवसीय दौरे पर आज आएंगे गोरखपुर, इतने करोड़ की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण – 24×7 Khabre Fatafat

0
21

गोरखपुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर बुधवार की शाम चार बजे के बाद गोरखपुर आएंगे। मुख्यमंत्री दोनों दिन मिलाकर करीब 564 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के समक्ष गोरखपुर विकास प्राधिकरण की महायोजना 2031 का प्रस्तुतीकरण भी किया जा सकता है।

आज शाम आएंगे सीएम

मुख्यमंत्री बुधवार की शाम गोरखपुर पहुंचेंगे और नगर निगम परिसर में शाम पांच बजे से आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में करीब 519.80 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसमें नगर निगम के नए सदन भवन का लोकार्पण भी शामिल है। मुख्यमंत्री यहां ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके बाद जीडीए सभागार जा सकते हैं। यहां महायोजना 2031 का प्रस्तुतीकरण करने की तैयारी है। इसके बाद मोहद्दीपुर स्थित होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गोरखनाथ मंदिर चले जाएंगे। मंदिर में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर सकते हैं। गुरुवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में आने वाले लोगों की समस्याएं सुनेंगे। सुबह 10 बजे नौकायन क्षेत्र में बने वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। उसके बाद लखनऊ रवाना हो जाने की संभावना है।

सीएम के हाथों लोकार्पण के लिए वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स तैयार

गोरखपुर में वाटर स्पोर्ट्स की ख्वाहिश पूरा होने में अब मात्र दो दिन का समय शेष बचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष प्रयास से वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का लोकार्पण 30 दिसंबर को होने जा रहा है। लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों ही होगा। इसे लेकर तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। कांप्लेक्स की ओर से संचालित की जाने वाले आधा दर्जन से अधिक नाव बुधवार की सुबह तक पहुंच जाएंगी। नाव के साथ उसे चलाना सिखाने वाले प्रशिक्षकों की टीम भी आ रही है। चार सदस्यीय प्रशिक्षण टीम का नेतृत्व गोवा इंस्टीट्यूट आफ वाटर स्पोर्ट्स के प्रशिक्षक संजय पांडुरंग पाटिल कर रहे हैं।

45 करोड़ रुपये की लागत से पांच एकड़ में बना है कांप्लेक्स

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र कुमार मिश्र ने लोकार्पण कार्यक्रम के प्रारूप की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री निर्धारित तिथि पर वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स भवन का लोकार्पण करने के बाद उसमें उपलब्ध सुविधा और संसाधन का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद कांप्लेक्स की नाव से रामगढ़ ताल का भ्रमण करेंगे। लोकार्पण, निरीक्षण और भ्रमण कार्यक्रम के बाद वह महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि 45 करोड़ रुपये की लागत से पांच एकड़ में बने कांप्लेक्स की ओर से हर वर्ष के लोगों के लिए जल मनोरंजन की व्यवस्था रहेगी। उनके लिए अलग जेटी बनाई गई है। वाटर स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों के लिए फ्लोटिंग जेटी की व्यवस्था होगी। पूरी कोशिश होगी कि इस कांप्लेक्स के जरिए देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के जल खिलाड़ी मिलें।

दो तल के फ्लोटिंग रेस्तरां से सजेगा रामगढ़ ताल

वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का संचालन करने वाली निषाद नौकाय विकास समिति के अध्यक्ष राधेश्याम निषाद ने बताया कि लोकार्पण के लिए फिलहाल आधा दर्जन से अधिक नाव बुधवार की सुबह तक पहुंच जाएंगी लेकिन जल्द ही सूचीबद्ध् सभी नावों को भी रामगढ़ ताल में उतारा जाएगा। नावों को ताल में उतारने के लिए फ्लोटिंग जेटी की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा दो ऐसी नावें भी मंगाई जा रही हैं, जो दो तल की होंगी और उसपर 50 से 100 लोग एक साथ सवार हो सकेंगे। लोग नाव छोटी पार्टी करने की साध भी पूरी कर सकेंगे। राधेश्याम ने बताया कि ऐसी नाव को बनाने का आर्डर भी दे दिया गया है। जल्द से जल्द कांप्लेक्स का संचालन पूरी क्षमता के साथ हो, इसकी पूरी कोशिश है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here