दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में इनमे से एक खिलाड़ी भारतीय टीम में हो सकता है शामिल – 24×7 Khabre Fatafat

0
21

नई दिल्ली, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 26 दिसंबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के शुरुआती मैच में यह देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान विराट कोहली आलराउंडर शार्दुल ठाकुर सहित पांच तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेंगे या उछाल भरी पिचों को देखते हुए अजिंक्य रहाणे के रूप में अतिरिक्त बल्लेबाज को मौका दिया जाएगा। बल्लेबाजी के विकल्प के लिए हनुमा विहारी भी मजबूत दावेदार होंगे, जो भारत की ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका का हाल ही में दौरा कर चुके हैं।

भारतीय टीम पिछले तीन दिनों से सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में अभ्यास कर रही है और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने मेहमानों को मैदान के मुख्य स्टेडियम पर अभ्यास करने का मौका दिया है। एसईएनए देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया) में टेस्ट मैच से पहले मुख्य विकेट पर अभ्यास का मौका मुश्किल से ही मिलता है।

बीसीसीआइ द्वारा पोस्ट किए गए एक संक्षिप्त वीडियो में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने मुख्य पिच पर अभ्यास से होने वाले फायदे का जिक्र किया था, जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने घसियाली पिच पर अभ्यास के बारे में बात की थी। रणनीतिक तौर पर कोहली को आक्रामक कप्तान माना जाता है और वह पांच गेंदबाजों के साथ टेस्ट मैचों में उतरना पसंद करते है। बायें हाथ के आलराउंडर रवींद्र जडेजा सातवें क्रम में बल्लेबाजी का शानदार विकल्प देते हैं, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में शार्दुल यह जिम्मेदारी उठा सकते हैं।

चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने कहा, ‘मुझे लगता है कि अगर टीम पांच गेंदबाजों के साथ उतरेगी तो शार्दुल सबसे अच्छा विकल्प हैं, क्योंकि वह सातवें क्रम पर बल्लेबाजी का विकल्प भी देते हैं और हमारे पास रविचंद्रन अश्विन भी हैं। टीम में चार गेंदबाजों की जगह लगभग तय है जिसमें जसप्रीत बुमराह, मुहम्मद शमी, अश्विन और मुहम्मद सिराज का नाम आता है। मुझे नहीं लगता कि मौजूदा लय को देखते हुए टीम में इशांत को सिराज की जगह तरजीह मिलेगी।’

सेंचुरियन एक ऐसी जगह है जो समुद्र तल से 1300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां गेंदबाज जल्दी थक सकते हैं और चार गेंदबाजों के मामले में उनके थकने की संभावना अधिक होगी। एक अतिरिक्त बल्लेबाज के मामले में विहारी के मुकाबले अनुभवी रहाणे की दावेदारी अधिक मजबूत होगी। विहारी भारत में खेली गई न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं थे। वह ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका दौरे पर आए थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ तीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जिसमें क्रमश: 54, नाबाद 72 और 63 के स्कोर शामिल हैं। रहाणे को हालांकि अपनी योग्यता साबित करने के लिए एक और मौका मिल सकता है।

भारत का संभावित संयोजन

10 सुनिश्चित (फिटनेस के आधार पर) : मयंक अग्रवाल, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, रिषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, मुहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मुहम्मद सिराज

11वां खिलाड़ी : शादुर्ल ठाकुर / अजिंक्य रहाणे / हनुमा विहारी (तीनों में से कोई एक)

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here