Iजोधपुर। नगर निगम दक्षिण की कार्यप्रणाली को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ऑनलाइन सेवाओं का लाभ अब शहरवासियों को मिलने लगा है। महज तीन कार्य दिवस में नगर निगम ने ट्रेड लाइसेंस जारी किया है तो वही तीन सप्ताह के भीतर भवन निर्माण अनुमति भी ऑनलाइन जारी की गई है। महापौर दक्षिण वनीता सेठ, ट्रेड लाइसेंस समिति के अध्यक्ष योगेश व्यास और उपायुक्त आकांक्षा बैरवा ने आवेदन कर्ताओं को ट्रेड लाइसेंस पत्र सौंपा। महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने बताया कि ऐसे कई कार्य हैं जिनके लिए आमजन को निगम के कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नवगठित बोर्ड के गठन होने के साथ ही ट्रेड लाइसेंस, भवन निर्माण अनुमति, फायर एनओसी, सीवरेज कनेक्शन और यूडी टैक्स कलेक्शन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को ऑनलाइन पोर्टल पर शुरू किया गया। वनिता सेठ ने बताया कि इन सेवाओं के लिए आवेदनकर्ता घर से ही आवेदन कर सकता है और उसे निर्धारित समय अवधि में घर बैठे ही अनुमति प्रदान की जाएगी।
इन आवेदनकर्ताओं को मिली अनुमति
ताज ग्रुप की ओर से एसी रेस्टोरेंट ओर फाइव स्टार डिलक्स होटल के ट्रेड लाइसेंस के लिए आवेदन किया। ट्रेड लाइसेंस आवेदन के महज 3 कार्य दिवस में आवेदन का निस्तारण कर गुरुवार को ताज ग्रुप के फाइनेंस कंट्रोलर अमित कुमार एवं असिस्टेंट फाइनेंस कंट्रोलर सुरेंद्र कुमार गौड़ को महापौर दक्षिण वनिता सेठ एवं ट्रेड लाइसेंस समिति के अध्यक्ष योगेश व्यास ने अनुज्ञा पत्र दिया वही सीएसबी निवासी निर्मला गर्ग जी प्लस वन के आवासीय भवन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया को पूरा कर गुरुवार को आवेदन कर्ता को भवन निर्माण अनुमति भी जारी की गई। महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने बताया कि हमारा प्रयास है कि लोग अधिक से अधिक ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से आवेदन करने से न केवल आवेदन कर्ताओ के पैसे व समय की बचत होगी बल्कि निगम की कार्यशैली भी सुधार होगा।
इस तरह किया जा सकता है आवेदन
नगर निगम दक्षिण आयुक्त अमित यादव ने बताया कि ऑनलाइन सेवाओं के लिए एसएसओ आईडी के माध्यम से आवेदन कर्ता घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं वहीं ई मित्रों के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए नगर निगम की वेबसाइट www.jodhpurmc.org पर आवेदन की प्रक्रिया को समझ कर sso.rajasthan.gov.in पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। .
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















