International
-DW News
टोक्यो, 28 जनवरी। जापान की अंतरिक्ष एजेंसी 2040 तक लोगों को चांद पर बसाने की योजना बना रही है. चांद से आगे फिर मंगल ग्रह पर भी लोगों को बसाने की योजना है. इसके लिए ‘जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी’ ने कार बनाने वाली कंपनी ‘टोयोटा’ से हाथ मिलाया है. दोनों मिलकर चांद की सतह पर खोजबीन के लिए एक खास गाड़ी बना रहे हैं. टोयोटा के अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी.

कब लॉन्च होगी यह गाड़ी?
इस गाड़ी का नाम रखा गया है, लूनर क्रूजर. यह नाम टोयोटा की ‘लैंड क्रूजर’ गाड़ी के सम्मान में चुना गया है. इस खास गाड़ी को इस दशक के आखिर तक लॉन्च किए जाने की योजना है. गाड़ी बनाते समय कार इस्तेमाल करने वालों के मनोविज्ञान का ध्यान रखा जाएगा. जैसे लोग कार में पूरी सुरक्षा से खाते, काम करते, सोते और दूसरों के साथ बात करते हैं, यही चीजें अंतरिक्ष में भी कर सकें.
टोयोटा मोटर कॉर्प में इस लूनर क्रूजर प्रॉजेक्ट के प्रमुख हैं, तकाओ सातो. उन्होंने समाचार एजेंसी ‘एपी’ को बताया, “हम अंतरिक्ष को हमारी सदी में होने वाली सबसे बड़ी कायापलट से जोड़कर देख रहे हैं. अंतरिक्ष में जाने से शायद ऐसी दूरसंचार व्यवस्था, ऐसी तकनीक विकसित कर पाएं, जो इंसानी जीवन के लिए अहम हो.”
टोयोटा के इंजीनियर शिनिचिरो नोडा ने बताया कि वह इस परियोजना के लिए बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है, अपनी कार को चांद पर भेजना. टोयोटा की गाड़ियां तकरीबन हर जगह हैं. अब हम अपनी कार एक ऐसी जगह ले जाएंगे, जहां हम पहले कभी नहीं गए.”
लूनर क्रूजर के लिए टोयोटा के साथ काम कर रही एक कंपनी ‘गिताई जापान’ ने एक रोबॉटिक आर्म बनाया है. इसे निगरानी और मरम्मत जैसे कामों को ध्यान रखकर डिजाइन किया गया है. गिताई के चीफ एग्जिक्यूटिव शो नकानोज ने बताया कि अंतरिक्ष में पहुंचने की चुनौतियों पर काम कर लिया गया है, लेकिन अंतरिक्ष यात्रियों के वहां काम करने में अभी भी कई तरह के खतरे और जोखिम हैं. यहीं पर रोबोट अपनी भूमिका निभाएंगे.
जापान की चांद में बढ़ी दिलचस्पी
1930 के दशक में कंपनी की शुरुआत के बाद से ही टोयोटा को यह चिंता रही है कि बदलते वक्त के कारण उसके कारोबार का मुख्य हिस्सा हाथ से निकल सकता है. उसकी पकड़ वाले बाजार उसके हाथ से निकल सकते हैं. ऐसे में कंपनी ने सिर्फ कार पर ध्यान ना देकर घर, नाव, जेट और रोबोट बनाने में भी हाथ डाला. इसी साल माउंट फूजी के पास कंपनी ‘वूवन सिटी’ नाम की हाउसिंग परियोजना शुरू कर रहा है. यहां घरों में तकनीक और सस्टेनेबल जीवन का तालमेल होगा.
बीते कुछ समय से दुनिया के कई देशों में अंतरिक्ष को लेकर महत्वाकांक्षाएं बढ़ी हैं. इसी क्रम में जापान की भी चांद में दिलचस्पी बढ़ रही है. जापान की एक कंपनी ‘इनस्पेस आईएनसी’ लूनर रोवर और लैंडिंग पर काम कर रही है. उसे इसी साल चांद पर उतरना भी है. कारोबारी युसाकू माएज्वा के हाल ही में कुछ वीडियो आए थे, जिसमें वे ‘इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन’ में हवा में तैरते दिख रहे थे. उन्होंने टेस्ला के सीईओ एलॉन मस्क के स्टारशिप में चांद के पास एक ऑरबिट भी बुक किया है.
एसएम/एनआर (एपी)
Source: DW
English summary
toyota heading to moon with cruiser robotic arms dreams
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















