
जितेन्द्र पुरोहित
जोधपुर । जोधपुर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जयदेव सिंह राठौड़ ने बताया कि अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जोधपुर प्रांत की प्रांतीय वार्षिक आम सभा 8 एवं 9 अगस्त को गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। आम सभा में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए पूर्व सैनिक प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा संगठन की गतिविधियों, पूर्व सैनिक कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित, VSM ने पूर्व सैनिकों की एकजुटता एवं संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा का जज्बा समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने संगठन को मजबूत करते हुए पूर्व सैनिकों की सामूहिक शक्ति का राष्ट्रहित में प्रभावी सदुपयोग करने पर बल दिया।
पूर्व सैनिकों की राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक भूमिका को किया रेखांकित
एयर मार्शल जगदीश चन्द्र, AVSM, SM ने पूर्व सैनिकों की राष्ट्रसेवा की भावना एवं समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सैन्य सेवा से अर्जित अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज एवं राष्ट्र के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकती है।
आम सभा के दौरान ECHS एवं पूर्व सैनिकों के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रदान की गईं। साथ ही, पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जयदेव सिंह राठौड़ ने भी आम सभा में उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित किया तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। प्रांत के उपाध्यक्षों एवं विभिन्न इकाइयों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
आम सभा में संगठन के विस्तार, पूर्व सैनिकों के कल्याण तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, पूर्व सैनिक कल्याण एवं संगठन को अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















