
जितेन्द्र पुरोहित
जोधपुर। देश-विदेश के पर्यटकों को जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और पर्यटन स्थलों से रूबरू कराने वाले टूरिस्ट गाइड्स के संगठन जोधपुर गाइड एसोसिएशन के आम चुनाव रविवार को हाईकोर्ट रोड स्थित घूमर होटल में संपन्न हुए। चुनाव में अध्यक्ष पद पर कमलजीत सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नितिन लोबो को 25 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
चुनाव को लेकर गाइड्स में खासा उत्साह देखने को मिला। अध्यक्ष पद के लिए कमलजीत सिंह और नितिन लोबो के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना में कमलजीत सिंह ने 25 मतों के अंतर से जीत हासिल की। जीत के बाद समर्थकों और साथी गाइड्स ने उनका स्वागत कर बधाई दी।
95 प्रतिशत हुआ मतदान
चुनाव अधिकारी तरुण शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन के चुनाव में गाइड्स ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। शहर से बाहर रहने वाले गाइड्स को भी मतदान का अवसर मिल सके, इसके लिए ऑनलाइन वोटिंग की व्यवस्था की गई थी। इसके चलते चुनाव में करीब 95 प्रतिशत मतदान हुआ।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। गाइड्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चार पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
चुनाव अधिकारी ऋषिराज सिंह जोधा ने बताया कि अध्यक्ष पद के अलावा अन्य पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन हुआ। नई कार्यकारिणी में पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी उपाध्यक्ष, उम्मेद सिंह गहलोत महासचिव, राकेश जांगिड़ कोषाध्यक्ष तथा अमित पाराशर सचिव चुने गए।
नई कार्यकारिणी आगामी दो वर्षों तक जोधपुर के पर्यटन विकास के साथ-साथ गाइड्स की समस्याओं और हितों के लिए कार्य करेगी।
पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर रहेगा फोकस
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद कमलजीत सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जोधपुर में देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर और सुविधाजनक पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराना रहेगा।
उन्होंने कहा कि जोधपुर केवल मेहरानगढ़ और ऐतिहासिक स्मारकों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध संस्कृति, स्थापत्य कला, खान-पान, लोक परंपराओं और मारवाड़ की विशिष्ट जीवनशैली के लिए भी विश्वभर में पहचान रखता है। ऐसे में शहर के पर्यटन को नए आयाम देने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर प्रयास किए जाएंगे।
ब्लू सिटी की पहचान कायम रखने पर जोर
कमलजीत सिंह ने कहा कि पुराने शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में साफ-सफाई भी शामिल है। पर्यटन स्थलों और पुराने शहर में स्वच्छता को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाने की योजना है। पर्यटकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन, नगर निगम और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ब्लू सिटी जोधपुर की पारंपरिक पहचान को कायम रखना भी प्राथमिकता होगी। पुराने शहर के घरों को बाहर से नीले रंग में बनाए रखने तथा शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के लिए सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बेहतर कार्य किया जाएगा।
गाइड्स के हितों के लिए भी होंगे प्रयास
नई कार्यकारिणी की ओर से गाइड्स की व्यावसायिक समस्याओं, पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं और पर्यटन क्षेत्र में बदलते समय के अनुरूप नई संभावनाओं पर भी काम करने की बात कही गई। गाइड एसोसिएशन का उद्देश्य पर्यटन से जुड़े सभी हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और जोधपुर को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने में सहयोग देना रहेगा।
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ गाइड्स को उम्मीद है कि संगठन पर्यटन क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखेगा और जोधपुर के पर्यटन विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ गाइड प्रीतम सिंह महावीर सिंह खींची देवी सिंह भवानी सिंह राकेश सिदावत नागेन्द्र सिंह प्रभात सिंह विकास भारती विरजीत सिंह माइकल लोबो हिम्मत सिंह सुनील सोलंकी सहित पर्यटन से जुड़े लोग उपस्थित थे।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















