
जितेन्द्र पुरोहित
जोधपुर। भाजपा जोधपुर देहात दक्षिण ग्रामीण की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक सोमवार को सर्किट हाउस में जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के सभी 20 मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री शामिल हुए। आगामी नगरपालिका एवं पंचायतीराज चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर चर्चा की गई।
I
जिला अध्यक्ष भाटी ने पांचों नगर पालिकाओं में मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बूथ एवं शक्ति केंद्र समितियों को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी दिनों में विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन और जिला स्तर पर सभी बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित करने की तैयारियों पर चर्चा हुई। नगरपालिका, जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों के लिए संभावित प्रत्याशियों को लेकर सर्वे प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई। पार्टी की ओर से योग्य, सक्रिय, जनाधार वाले और जीतने की क्षमता रखने वाले प्रत्याशियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार आमजन तक करने का आह्वान किया गया। साथ ही सभी मंडलों में शीघ्र कार्यालय शुरू कर उन्हें नियमित रूप से सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
जिला अध्यक्ष ने मंडल पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं को चिन्हित कर मंडल के लेटर पैड पर जिला संगठन को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि समस्याओं को उचित स्तर पर उठाकर समाधान के प्रयास किए जा सकें।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष छोटू सिंह राठौड़, जय किशन पंचारिया, जिला महामंत्री शिवराम ग्वाला, सुमित्रा बिश्नोई, यशपाल गोधा, जिला मंत्री राजेंद्र जांगिड़ सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री उपस्थित रहे। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक एकजुटता, बूथ सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ तैयारियों को गति देने का आह्वान किया गया।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















