फिरोजाबाद में लगी भीषण आग, 150 दुकानें जलकर खाक, करोड़ों के नुकसान की आशंका – 24×7 Khabre Fatafat

0
12

UP  के फिरोजाबाद में लकड़ी बाजार में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि आसपास के इलाकों में चारों तरफ धुआं फैल गया. आनन-फानन में लोगों ने सूचना पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड की दी. आग कैसे लगी, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं है. अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना शायद शार्ट सर्किट की वजह से हो सकती है.

फिरोजाबाद की जिस बाजार में आग लगी, वहां पर छोटी-बड़ी करीब 300 दुकानें हैं, जहां लकड़ी का फर्नीचर, तख्ते, बोर्ड, प्लाई व अन्य सामान बिकता है. कुछ दुकानें पक्की हैं. अधिकांश लकड़ी या लोहे की टीन की चादर से बनी हैं. फिरोजाबाद की आठ दमकल आग बुझाने में लगी हैं, वहीं आगरा व एटा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगाई गईं. लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि इतनी बड़ी लकड़ी मार्केट में आग बुझाने के कोई भी इंतजाम क्यों नहीं हैं. दो वर्ष पूर्व भी इस मार्केट में आग लग गई थी.

 

लोग बोले- सब कुछ बर्बाद हो गया, कुछ नहीं बचा

लोगों का कहना है कि 150 दुकानें जलकर खाक हो गई हैं. मौके पर फिरोजाबाद की सदर विधायक मनीष असीजा, नगर निगम महापौर कामिनी राठौर, पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी कमलेश कुमार व कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया. दमकल विभाग की टीमें आग को काबू करने में जुटी हुई हैं. सरोज देवी ने कहा कि उनकी दो दुकानें थीं, सब कुछ जल गया, बर्बाद हो गया है. कुछ नहीं बचा. दमकल की गाड़ी देरी से आई थी.

घटना को लेकर क्या बोले काठ बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष?

काठ बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि प्रशासन यहां दुकानों को खाली करना चाहता है. उन्होंने यह कहा भी कहा था कि रामलीला हो जाने दो, उसके बाद देखेंगे. इसलिए इसमें षड्यंत्र की बू आती है. करोड़ों का नुकसान हो गया है. सब बर्बाद हो चुके हैं. भारतीय जनता पार्टी के सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि यह आग कैसे लगी कि यह तो नहीं पता लग पा रहा है, लेकिन बहुत बड़ा नुकसान है. अभी आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है.

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here