
जितेन्द्र पुरोहित
जोधपुर। कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत प्रौद्योगिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, जोधपुर में राज्य सरकार के मिशन ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत शुक्रवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विविध औषधीय एवं छायादार, 201 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने अशोक के वृक्ष के रोपण के साथ की। इस दौरान महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रोफेसर एम एम कुमावत भी मौजूद रहे।

इस मौके पर कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में तेजी से हो रहे जलवायु परिवर्तन व बढ़ते प्रदूषण जैसी वैश्विक चुनौतियों के बीच प्रदेश में वृक्षारोपण को केवल अभियान नहीं बल्कि जन आंदोलन का रूप दिया गया है। इस पहल को ध्यान में रखते हुए कृषि विश्वविद्यालय की ओर से डेढ़ लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया इस मुहिम को ध्यान रखते हुए विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्रों द्वारा बड़े पैमाने पर न सिर्फ वृक्ष लगाए जा रहे हैं अपितु उनकी सार संभाल भी पूर्ण निष्ठा के साथ की जा रही है।
भावी पीढ़ियों के लिए वृक्षारोपण
इस दौरान महाविद्यालय के अधिष्ठाता, प्रोफेसर कुमावत ने कहा कि औषधीय, छायादार एवं व्यावसायिक पौधों के व्यापक रोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, किसानों की आय वृद्धि और भावी पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की दिशा सुनिश्चित होती है, अतः पौधा रोपण को पुनीत कार्य के रूप में सभी को निश्चित रूप से करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क अधिकारी, डॉ संगीता शर्मा सहित महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर, डॉ दिगंबर सिंह, डॉ नरेंद्र, डॉ तरुण गहलोत, डॉ अशीष पंवार, इंजीनियर कनुप्रिया चौधरी सहित समस्त अशैक्षणिक कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर में विविध पौधों का रोपण किया। इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से भी पौधों का रोपण कर उनकी सार संभाल की जिम्मेदारी ली गई।
–
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















