
जितेन्द्र पुरोहित
जोधपुर । नगर निगम की ओर से फायर एनओसी लगाने के संबंध में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भी फायर एनओसी नहीं लेने वालों के विरुद्ध नगर निगम टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच बिल्डिंग को सीज करने की कार्रवाई की गई है।
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन के निर्देशानुसार अग्नि सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी जलज घसिया और उनकी टीम ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की थी। निरीक्षण के दौरान संबंधित भवनों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा आवश्यक फायर एनओसी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर निगम ने उनको नोटिस जारी कर आवश्यक अग्निशमन उपकरण लगाने और फायर एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए थे। निगम के नोटिस के बावजूद फायर कारण सेफ्टी उपकरण नहीं लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते शुक्रवार को सरदारपुरा स्थित वेन हुसैन, बारहवीं रोड स्थित जैन कार डेकॉर, सरदारपुरा सैकंड बी रोड स्थित अग्रवाल टावर, होटल शुभम एक्सीलेंसी और श्री नक्षत्र को सीज किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी जलज घसिया ने बताया कि विभिन्न संस्थानों एवं भवन स्वामियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों की पालना के लिए नोटिस जारी किए जा रहे है। उनसे आग्रह है कि वह नियमानुसार फायर उपकरण लगाकर फायर एनओसी प्राप्त करें , अन्यथा उनके विरुद्ध राज्य सरकार के प्रचलित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















