प्रदेश की जनता अब झूटी गारंटियों के छलावे में नहीं आने वाली-शेखावत प्रदेश की जनता अब झूटी गारंटियों के छलावे में नहीं आने वाली-शेखावत Rajasthan News,Jodhpur News, Jodhpur Crime,

0
11

प्रदेश की जनता अब झूटी गारंटियों के छलावे में नहीं आने वाली-शेखावत

  • केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने कांग्रेस की सात गारंटियों पर किया पलटवार
  • जोधपुर में संभाग स्तरीय भाजपा मीडिया सेंटर का शुभारंभ

जोधपुर,केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार ने पिछले साढ़े चार साल तक कोई काम नहीं किया और अंत के छह माह में जनता को गारंटियों के नाम पर छलावा दे रहे हैं,लेकिन जनता अब इन गारंटियों की हकीकत जान चुकी है। अब वह इनके छलावे में नहीं आने वाली। शेखावत रविवार को भाजपा संभाग मीडिया सेंटर के उद्घाटन के बाद पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले साढ़े चार साल में जनता की अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं कर पाई। पहले महंगाई राहत शिविर के नाम पर और अब सात गारंटियों के नाम पर जनता को धोखा दे रही है। जनता अब इन झूठी गारंटियों के भुलावे में नहीं आने वाली।

इसे भी पढ़ें- ट्रांसजेंडर्स ने नुक्कड़ नाटक से दिया मतदान का संदेश

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब इसके नेता राहुल गांधी के माध्यम से अंग्रेजी शिक्षा की गारंटी देकर नया शिगूफा शुरू किया है। राज्य में पहले से ही आनन-फानन में अंग्रेजी स्कूल शुरू कर दिए गए। इनमें 58 प्रतिशत पद आज भी रिक्त हैं। इन स्कूलों में एक भी शिक्षक अंग्रेजी माध्यम में पढ़ा लिखा नहीं है। इससे उसे भी परेशानी हो रही है। कई शिक्षकों ने इन स्कूलों से खुद को हटाने का आवेदन कर दिया है। वैसे भी अब नई शिक्षा नीति में प्राइमरी शिक्षा मातृ भाषा मेें करवाना जरूरी है। अंग्रेजी माध्यम स्कूलें खोलने के चक्कर में हिंदी स्कूलों की उपेक्षा की गई और नतीजा यह निकला कि प्रदेश में करीब छह लाख नामांकन कम हो गए।

केन्द्र ने पहले ही चला रखी है गोबर धन योजना
शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने गोबर को खरीदने की गारंटी दी है। पहले से केन्द्र सरकार के जलशक्ति मंत्रालय के माध्यम से गोबरधन योजना के नाम से चल रही है। यह योजना संपूर्ण स्वच्छता योजना का हिस्सा है। इसके तहत गांव में गोबर को एकत्र करके उससे ऊर्जा के रूप में बदलना था। उस ऊर्जा को खरीद के लिए सीएस आर के तहत ऑयल कंपनियों से समझौता भी हो गया था,लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस योजना पर काम ही नहीं किया। आज पूरे देश में इस योजना के क्रियान्वयन के मामले में राजस्थान 21वें नंबर पर है।

चार साल से नहीं दिए लैपटॉप
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि लैपटॉप देने की गारंटी भी छलावा है। स्कूलों के प्रतिभावन विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना पहले से ही चल रही है। इस सरकार ने उन्हें ही लैपटॉप नहीं दिए। आज तक करीब 93 हजार विद्यार्थी पिछले चार साल से लैपटॉप का इंतजार कर रहे हैं।

देश को बांटने का काम है जातिगत जनगणना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जातिगत जनगणना के बार-बार घोषणा करने पर शेखावत ने कहा कि कांग्रेस जातिगत जनगणना के आधार पर देश को बांटने का काम कर रही है। कांग्रेस ने पहले देश को धर्म के आधार पर बांटा,बोली भाषा के आधार पर बांटा, अमीर गरीब के आधार पर बांटा और अब जाति के आधार पर बांटने का पाप व षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी और इंदिरा गांधी जाति व्यवस्था के खिलाफ थी। राहुल गांधी और अशोक गहलोत को पहले उनके विचार जान लेने चाहिए।

ओपीएस के लिए केन्द्र ने गठित की समिति
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस राजस्थान में ओपीएस मात्र चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। यहां घोषणा करने से पहले उन्हें कर्नाटक और हिमाचल की कांग्रेस सरकार की स्थिति जान लेनी चाहिए। वहां की सरकारें ओपीएस लागू करने में असमर्थता जता चुकी हैं। केन्द्र सरकार ने ओपीएस के स्थायी समाधान के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की है। इस पर तेजी से काम हो रहा है।

ईडी के राजनीतिकरण का आरोप गलत
शेखावत ने कहा कि ईडी की कार्रवाई से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मन में भय है। इसलिए वे संवैधानिक व्यवस्था से बनी हुई संस्था के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले दस साल में ईडी के मामलों में सजा की दर 96.45 प्रतिशत है। जितने मामले ईडी ने दर्ज किए उनमें से केवल तीन प्रतिशत जनप्रतिधियों के खिलाफ हैं। इसलिए इसके राजनीतिकरण का आरोप गलत है।

भाजपा मीडिया सेंटर का उद्घाटन
केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में भारतीय जनता पार्टी के संभाग स्तरीय मीडिया सेंटर का शुभारंभ किया। जिलाध्यक्ष देवेंद्र सालेचा ने बताया कि शुभारम्भ के अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत,भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. शलभ मणि त्रिपाठी,प्रदेश प्रवक्ता नवनीत राजपुरोहित,मुकेश जैमन, जिला अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा,सूरसागर विधानसभा प्रत्याशी देवेन्द्र जोशी, महापौर वनिता सेठ,सम्भाग मीडिया संयोजक जगदीश धनादिया पूर्व सम्भाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया,महामंत्री मनीष पुरोहित, करणी सिंह खींची,विजय राजौरिया सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे। विधानसभा चुनाव में भाजपा के मीडिया से संबंधित सभी तरह के कार्य इसी जगह पर होंगे। सभी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की प्रेस वार्ता भी यहीं होंगी। जोधपुर संभाग में मीडिया से निरंतर संवाद के माध्यम से सूचनाओं का आदान प्रदान भी होगा।

खबरें फटाफट की एप्लिकेशन यहां से इंस्टॉल कीजिए https://play.google.com/store/apps/details?id=com.khabrefatafat

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here