PAK vs SA World Cup 2023: पाकिस्तान को आज मिल सकता है रिटर्न टिकट – 24×7 Khabre Fatafat

0
11

वर्ल्ड कप 2023 अब अपने दूसरे पड़ाव पर पहुंच चुका है, जहां कई टीमों को रिटर्न टिकट मिलना है. पाकिस्तान भी उन टीमों में शुमार है, जिन्हें यह टिकट जल्दी ही मिल सकता है. जैसा कि आप जानते हैं कि पाकिस्तान मौजूदा वर्ल्ड कप में 3 मैच हार चुका है.जबकि उसके खाते में सिर्फ 2 जीत दर्ज हैं. पॉइंट टेबल में उसका नंबर छठा है. ऐसे में उसके लिए अब तकरीबन सारे मुकाबले जीतने जरूरी हैं. पाकिस्तान के इस जीत के रास्ते पर सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका टकराएगा, जो सुप्रीम फॉर्म में है.

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला 27 अक्टूबर, शुक्रवार को चेन्नई में होना है. अफ्रीकन टीम 8 अंक लेकर काफी हद तक सुरक्षित स्थिति में है. उसने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को हराया है, जिससे उसकी अच्छी फॉर्म का पता चलता है. ऐसे में अगर वह पाकिस्तान को भी हरा दे तो कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए. अगर पाकिस्तान की टीम दक्षिण अफ्रीका से हार जाती है तो यह उसकी चौथी हार होगी. यानी, वह इंग्लैंड, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स की स्थिति में पहुंच जाएगी, जो अपने चार-चार मैच हार चुकी हैं.

वर्ल्ड कप 2023 रॉउंड रॉबिन लीग फॉर्मेट में खेला जा रहा है. इसके मुताबकि इस बार हर टीम कम से कम 9 मैच खेलेगी. अब तक के प्रदर्शन के आधार पर लग रहा है कि भारत, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें 12 या इससे अधिक अंक हासिल कर सकती हैं. भारत, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड तीनों टीमें अभी क्रमश: 10 और 8-8 अंक हासिल कर चुकी हैं और तीनों को ही टूर्नामेंट में कम से कम 4 मैच और खेलने हैं. ऑस्ट्रेलिया भी 6 अंक हासिल कर चुका है और वह अगर अपने 4 में से 3 मैच भी जीत ले तो 12 अंक तक पहुंच जाएगा.

दूसरी ओर, पाकिस्तान अगर दक्षिण अफ्रीका से हार जाता है तो वह अपने बाकी बचे सारे मैच जीतकर भी 10 अंक से आगे नहीं बढ़ पाएगा. इसीलिए कहा जा रहा है कि पाकिस्ता के लिए दक्षिण अफ्रीका से हार का मतलब रिटर्न टिकट हासिल करना होगा. रिटर्न टिकट से मतलब वापसी से नहीं सेमीफाइनल की रेस से बाहर होना होगा. क्योंकि जैसे कि पहले बताया गया कि वर्ल्ड कप के मौजूदा फॉर्मेट में हर टीम कम से कम 9 मैच जरूर खेलेगी.

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here