
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप 2023 में एक और उलटफेर कर दिया. चेन्नई में खेले गए मैच में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हराया. इससे पहले, अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को शिकस्त दी थी. 283 रन के टारगेट को अफगानिस्तान ने 2 विकेट पर हासिल कर लिया. अफगानिस्तान की जीत के हीरो सलामी बैटर इब्राहिम रहे. उन्होंने 87 रन की पारी खेली. इस दमदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
इब्राहिम जादरान ने प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी हासिल करने के बाद पाकिस्तान को लेकर एक बयान दिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा. इब्राहिम ने कहा, मैं इस प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड को उन लोगों को समर्पित करना चाहता हूं, जिन्हें पाकिस्तान से वापस घर अफगानिस्तान भेजा जा रहा.
जादरान का ये बयान तब आया है, जब पाकिस्तान ने बिना दस्तावेज वाले अफगानिस्तान के सभी शरणार्थियों को 1 नवंबर तक देश छोड़ने के लिए कहा है. इस फैसले से पाकिस्तान में रह रहे करीब 17 लाख अनधिकृत अफगान शरणार्थियों पर असर पड़ा है. पाकिस्तान के अधिकारियों के मुताबिक, अब तक बिना दस्तावेज वाले शरणार्थियों के निष्कासन की डेडलाइन घोषित होने के बाद से 50 हजार से अधिक अनधिकृत शरणार्थियों को वापस अफगानिस्तान भेजा जा चुका है. इस घोषणा की तालिबान शासित अफगानिस्तान ने कड़ी आलोचना भी की और इसे अस्वीकार्य बताया है.
बता दें कि इस साल दोनों देशों की सीमा पर हमलों में बढ़ोतरी हुई है, जिसका आरोप इस्लामाबाद ने अफगानिस्तान के आतंकियों पर लगाया है. इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है. जादरान का बयान एक्स पर वायरल हो गया, कई यूजर्स ने उनकी इस भावना की तुलना पाकिस्तानी विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान की फिलिस्तीन समर्थक टिप्पणियों से भी कर रहे.
जहां तक मैच की बात है तो 283 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़कर अफगानिस्तान की जीत की नींव रखी थी. इसके बाद कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और रहमत शाह ने सूझबूझ पारी खेल टीम को जीत दिलाई.
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















