इजरायल-हमास युद्ध में बड़ा मोड़; बंधकों को रिहा करने को तैयार हमास, क्या यह शर्त मानेंगे बेंजामिन नेतन्याहू? – 24×7 Khabre Fatafat

0
13

हमास के लड़ाकों की ओर से बंधक बनाए गए इजरायलियों की रिहाई को लेकर ईरान ने बड़ा दावा किया है। ईरानी विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि अगर इजरायल गाजा पट्टी पर हवाई हमले रोक देता है तो हमास करीब 200 बंधकों को रिहा कर सकता है।

हालांकि, आतंकी समूह ने खुद ऐसी किसी पेशकश की बात स्वीकार नहीं की है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी तेहरान में संवाददाता सम्मेलन में ये बातें कहीं। मालूम हो कि इजरायल के खिलाफ लड़ाई में ईरान हमास का मुख्य स्पॉन्सर माना जाता है।

हमास के अधिकारियों ने कहा कि वे अपने लड़ाकों की ओर से पकड़े गए नागरिकों को रिहा करने के लिए जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं। हालांकि, उनका यह भी कहना था कि ऐसी पहल के लिए तैयारी की जरूरत पड़ती है जो गाजा के विभिन्न इलाकों में बमबारी के बीच असंभव है। हमास ने पहले कहा था कि अतीत में कई असंतुलित एक्सचेंज डील्स हुई हैं। इसी तरह वह इजरायल की ओर से बंधक बनाए गए हजारों फिलिस्तीनियों के बदले बंधकों का ट्रेड करेगा। कनानी ने हमास का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें विरोध जारी रखने में अभी तक कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि ये लंबे समय तक प्रतिरोध जारी रखने की सैन्य क्षमता रखते हैं।

फिलिस्तीनी आतंकवादियों ने 199 को बनाया बंधक: इजरायली सेना
इजरायली सेना ने कहा कि हमास और अन्य फिलिस्तीनी आतंकवादियों ने गाजा में 199 लोगों को बंधक बना रखा है और यह संख्या पिछले अनुमानों से अधिक है। सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हागारी ने सोमवार को बताया कि बंधकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या बंधकों की इस संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि ये बंधक किसकी कैद में हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इनमें से अधिकतर लोगों को गाजा पर शासन करने वाले हमास आतंकवादी समूह ने बंधक बनाया है।

UN ने भी बंधकों को तुरंत रिहा करने की अपील की
वहीं, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुतारेस ने हमास से सभी बंधकों को बिना किसी शर्त के तुरंत रिहा करने की अपील की है। गुतारेस ने कहा कि गाजा में नागरिकों तक त्वरित और निर्बाध मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए इजरायल को इजाजत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गाजा में पानी, बिजली और अन्य आवश्यक आपूर्ति खत्म हो रही है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के पास मिस्र, जॉर्डन, वेस्ट बैंक और इजरायल में भोजन, पानी, गैर-खाद्य सामग्री, चिकित्सा आपूर्ति और ईंधन का भंडार उपलब्ध है। यह सामान कुछ घंटों में गाजा तक पहुंचाया जा सकता है। गाजा में फिलिस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में गाजा में 455 फिलिस्तीनी जान गंवा चुके हैं और 856 लोग घायल हुए हैं।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here