पीएम मोदी की राजस्थान को सौगात, 5,000 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण – 24×7 Khabre Fatafat

0
21

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान में लगभग 5,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया और कहा कि भारत सरकार आज राज्य में रेल, रोड समेत हर क्षेत्र में तेज गति से काम कर रही है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,”ये जरूरी है कि भारत के गौरवशाली अतीत का प्रतिनिधित्व करने वाला राजस्थान भारत के भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करे. ये तभी होगा जब मेवाड़ से लेकर मारवाड़ तक पूरा राजस्थान विकास की बुलंदियों को छुए, यहां आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण हो.”

यह समारोह जोधपुर शहर में आयोजित किया गया जहां मोदी ने रिमोट बटन दबाकर परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास पट्टिकाओं का अनावरण किया. उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं.कार्यक्रम में मोदी ने कहा,”बीते नौ वर्षों में हमने राजस्थान के विकास के लिए जो निरंतर प्रयास किए हैं उनके परिणाम आज हम सब अनुभव कर रहे हैं, देखे रहे हैं.”

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार आज राजस्थान में हर दिशा में रेल, रोड समेत हर क्षेत्र में तेज गति से काम कर रही है. उन्होंने कहा,”आज शुरू की गई परियोजनाओं से और विकास होगा. हमें मिलकर राजस्थान को एक विकसित और समृद्ध राज्य बनाना है.” प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर राजस्थान में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, जोधपुर में 350 बिस्तरों वाला ‘ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक’ और पूरे राजस्थान में प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के तहत सात क्रिटिकल केयर ब्लॉक विकसित किए जाएंगे.

एम्स जोधपुर में ‘ट्रॉमा, इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर’ के लिए एकीकृत केंद्र 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जाएगा. प्रधानमंत्री ने जोधपुर हवाई अड्डे पर 480 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक नई टर्मिनल बिल्डिंग की आधारशिला भी रखी. प्रधानमंत्री ने आईआईटी जोधपुर परिसर भी राष्ट्र को समर्पित किया. यह अत्याधुनिक परिसर 1135 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है.

प्रधानमंत्री ने राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए नवविकसित ‘केंद्रीय उपकरण प्रयोगशाला’, स्टाफ क्वार्टर और ‘योग और खेल विज्ञान भवन’ राष्ट्र को समर्पित किया. उन्होंने राजस्थान में सड़कों के बुनियादी ढांचे में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री एनएच-125ए पर जोधपुर रिंग रोड के कारवाड़ से डांगियावास खंड को चार लेन बनाने सहित कई सड़क विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी.

प्रधानमंत्री ने राजस्थान में दो नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इनमें जैसलमेर को दिल्ली से जोड़ने वाली एक नई ट्रेन – रुणिचा एक्सप्रेस और मारवाड़ जंक्शन को खांबली घाट से जोड़ने वाली एक नई हेरिटेज ट्रेन शामिल हैं. इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व कैलाश चौधरी भी मौजूद थे

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here