
इलेक्ट्रिक तारों में 25 हजार वोल्ट का है करंट
समपार फाटक पर धैर्य व सतर्कता बरतने की सलाह
जोधपुर,17 अगस्त। रेल प्रशासन ने रामदेवरा जाने वाले जातरुओं व अन्य सभी रेल यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। रेलवे का कहना है कि जोधपुर मंडल पर सभी रेल मार्गों के विद्युतीकरण का कार्य प्रगति पर है ऐसे में यात्रियों को किसी भी दुर्घटना से बचने हेतु रेल लाइन पार करते समय अतिरिक्त्त सतर्कता बरतनी होगी।
डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जोधपुर मंडल के जैसलमेर रेल मार्ग पर धार्मिक आस्था के प्रतीक रामदेवरा मंदिर में भरने वाले मेले में बड़ी संख्या में जातरुओं की आवाजाही रहती है ऐसे में रेलवे उन्हें जान जोखिम में डाल कर ट्रेन की छतों पर यात्रा न करने की सलाह भी देता है क्योंकि जहां ट्रेन की छत पर यात्रा करना दंडनीय अपराध है वहीं मंडल के सभी रेल मार्गों के विद्युतीकरण का कार्य द्रुत गति से चल रहा है और जिन रेल मार्गों पर यह काम पूरा हो चुका है उनमें हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित किया जा चुका है जो छूने मात्र से जानलेवा हो सकता है।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्रेन से रन ट्रायल के बाद से ही विद्युतीकृत रेल मार्गों के तारों में 25 हजार वोल्ट क्षमता का करंट प्रवाहित है ऐसे में किसी कारण से उसके संपर्क मात्र में आने से दुर्घटना घट सकती है। इसके साथ ही पटरी पार करते समय वाहन चालकों को रेलवे क्रॉसिंग पर लगे बिजली के हाई वोल्टेज तारों का विशेष ध्यान रखना होगा तथा अपना वाहन वहां से निकालने के लिए विशेष सावधानी बरतनी होगी।
डीआरएम का कहना है कि हालांकि आरपीएफ के माध्यम व अन्य तरीकों से ग्रामीणों व रेल यात्रियों को मंडल की ओर से जागरूक किया जा रहा है फिर भी यात्रियों को स्वयं जागरूक रहकर सह यात्रियों को भी इसके प्रति सचेत करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जोधपुर से मारवाड़ जंक्शन के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया जा चुका है तथा इससे ट्रेनों की स्पीड भी ज्यादा है ऐसे में वाहन चालकों को समपार फाटकों पर विशेष सावधानी और धैर्य बरतना चाहिए।
इन रेल मार्गों की लाइनों में प्रवाहित है करंट
वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर(कर्षण)प्रवीण चौधरी ने बताया कि जोधपुर मंडल के बीकानेर-मेड़ता रोड,लूणी-समदड़ी-बाड़मेर,जोधपुर-भीकमकोर-फलोदी, रतनगढ़-डीडवाना,मकराना-मेड़ता रोड(अप लाइन),मकराना-परबतसर,डीडवाना-डेगाना,मेड़ता रोड-पीपाड़ रोड व समदड़ी-जालोर रेल मार्गों का विद्युतीकरण पूरा करवा लिया गया है तथा इनमें 25 हजार वोल्ट क्षमता का करंट प्रवाहित है ऐसे में इसे छूना प्राणलेवा होगा तथा इसके नीचे स्थित समपार फाटकों से वाहन निकालते वक्त भी इनके संपर्क से वाहन चालकों को पर्याप्त दूरी रखनी होगी।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















