
कोटपूतली,संजय जोशी ।
नर्सिंगकर्मियों द्वारा अपनी 11 सूत्रीय माँगों को लेकर शुक्रवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिला कलक्टर आईएएस शुभम चौधरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इससे पूर्व नर्सिंगकर्मियों द्वारा जिला कलक्टर का पुष्प गुच्छ भेंटकर अभिनन्दन किया गया। वहीं दुसरी ओर नर्सेज द्वारा अपनी माँगों को लेकर यहाँ के राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल में दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को लगातार 25 वें दिन भी बदस्तुर जारी रहा। ज्ञापन में नर्सिंगकर्मियों ने बताया कि 25 दिन तक धरना दिये जाने के बाद भी सरकार द्वारा कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाये जा रहे है। नर्सिंगकर्मियों ने कहा कि सरकार द्वारा यदि मांगें नहीं मानी गई तो 16 अगस्त से 24 अगस्त तक प्रत्येक जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी व उपस्वास्थ्य केन्द्र पर प्रात: 08 से 10 बजे तक दो घण्टे का कार्य बहिष्कार किया जायेगा। वहीं नर्सिंगकर्मी 25 अगस्त को सामूहिक अवकाश लेकर जयपुर महारैली के लिए कूच करेंगे। इस दौरान सीनियर नर्सिंग अधिकारी मक्खनलाल वर्मा, पूर्णसिंह शेखावत, गजराज यादव, जयदयाल यादव, अशोक चतुर्वेदी, रामकुमार यादव, प्रदीप जांगिड़, रामनिवास डाबड़, जयराम यादव, महेश यादव, सुरेन्द्र यादव, सुरेश चन्द, सुरेश कुमार, गौतम शर्मा समेत अनेक नर्सिंगकर्मी मौजूद रहे।
नर्सिंगकर्मियों की 11 सूत्रीय माँगे :- राजस्थान प्रांत के नर्सिंग कर्मचारी, एएनएम, एलएचवी, ट्यूटर्स अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर गांधीवादी तरीके से धरना प्रदर्शन कर रहे है। 11 सूत्रीय माँगों में छठे व सातवें वेतन आयोग की कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक कर लागू करने, केन्द्र के समान वेतन भत्ते, ठेका प्रथा बंद करने, यूटीबी संविदा को बंद कर स्थाई भर्ती करने, स्वतंत्र नर्सिंग निदेशालय खोलने, नर्सिंगकर्मियों को दवाई लिखने का अधिकार देने, प्लेसमेंट एजेंसी खत्म करने, एएनएम, ट्यूटर्स एलएचवी के पदनाम परिवर्तन, यूनिफॉर्म कोड चेंज, नर्सिंग स्टूडेंट के स्टाइफंड आदि में वृद्धि आदि शामिल है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















