
भारतीय स्टेट बैंक दौसा।
– फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
दौसा जिले के छारेड़ा गांव के भारतीय स्टेट बैंक में लगभग पांच लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। गबन का आरोप भी बैंक कर्मी के ऊपर लगा है। बैंक को जैसे ही गबन का पता चला कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया है। दौसा जिले की छारेड़ा गांव स्थित एसबीआई बैंक शाखा प्रबंधक ने थाने में मामला दर्ज कराया है। गबन हुआ ये पैसा मृत लोगों के खातों से किया गया है।
दौसा जिले के नांगल राजावतान तहसील के गांव छारेडा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में कार्यरत कर्मचारी राजेश मीणा द्वारा मृत लोगों के खातों से लाखों रुपये का गबन करने का मामला सामने आया है। बैंक शाखा प्रबंधक मदनलाल की माने तो बैंक से पांच लाख रुपये का गबन करने वाला कर्मचारी राजेश मीणा इतना शातिर है कि उसने मृत लोगों के पेंशन के खातों से रुपयों की हेराफेरी की।
मृतक खातेदारों के परिजनों ने अकाउंट चेक किए तो हुआ खुलासा
इस बात का पता तब लगा जब मृतक खातेदारों के परिजन बैंक पहुंचे और अपने मृत परिजनों के खाते का बैलेंस चेक किया, तो पता लगा कि उनके खातों में पैसा है ही नहीं, जो पैसा एसबीआई के बैंक खातों में था, उनके मरने के बाद निकाल लिया गया। इस बात की शिकायत बैंक शाखा प्रबंधक मदनलाल से की, तो मदनलाल ने इस बात को गंभीरता से लेते हुए बैंक कर्मी राजेश मीणा को कैशियर के पद से हटाकर खातों की जांच शुरू करवाई, तो इस गबन का खुलासा हुआ। इसको लेकर शाखा प्रबन्धक ने नांगल राजावतान थाने में मामला दर्ज कराया।
बैंक शाखा के कर्मचारी राजेश कुमार मीना पर गबन का आरोप
दौसा एसपी वन्दिता राणा ने बताया कि एसबीआई शाखा छारेडा के शाखा प्रबन्धक मदनलाल मीना ने थाने में मामला दर्ज कराया कि बैंक शाखा के कर्मचारी राजेश कुमार मीना निवासी गागडया ढाणी छारेडा ने सितम्बर 2021 से फरवरी 2023 तक मृत लोग रामकिशन गुर्जर, भगवान मीना, बद्रीनारायण मीना, गुलकन्दी देवी योगी, श्रीकिशन मीना, गंगाधर मीना, फैलीराम मीना, रणजीत बैरवा, तेजराम मीना आदि के खातों से फर्जी दस्तावेज तैयार कर फर्जी तरीके से करीब 4 लाख 30 हजार की राशि का गबन कर लिया।
इसके साथ ही शाखा प्रबन्धक ने अन्य खातेदारों के खातों से भी राशि गबन की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में शाखा प्रबन्धक मदनलाल मीना ने बताया कि बैंक कर्मचारी स्थानीय होने से उसने मृत लोगों के खातों से फर्जी तरीके से राशि निकाली है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाने के बाद कर्मचारी को 20 मार्च 2023 को ही निलम्बित कर दिया गया था। उच्चाधिकारियों के आदेश पर ही थाने में मामला दर्ज कराया है। अब नांगल राजावतान थाना पुलिस मामले को दर्ज करके जांच में जुटी है। अभी तक पुलिस कोई ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















