
मारपीट की जानकारी देते पुलिसकर्मी।
– फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
उदयपुर जिले के गोगुन्दा कस्बे के देवला में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विधवा महिला से 12 से अधिक महिलाओं ने पिटाई की। प्रेम प्रसंग के शक पर विधवा को नग्न कर मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट की मुख्य आरोपी महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
उदयपुर के गोगुन्दा कस्बे के देवला के तरावला की रहने वाली आदिवासी महिला देवला बस स्टैंड पर सिलाई का काम करती है। करीब एक वर्ष पूर्व उसके पति की भी मौत हो गई थी। भीमाना गांव की महिलाओं को विधवा महिला का किसी के साथ प्रेम प्रसंग होने की बात पता चलने पर एक दर्जन महिलाएं उसकी दुकान पर पहुंचीं और उसके साथ मारपीट करते हुए उसके सिर के बाल काट दिए। इसके बाद उसे नग्न कर बीच बाजार दौड़ाया। वहां उसका करीब तीन साल का मासूम बेटा भी रोता-चिल्लाता रहा, लेकिन मारपीट करने वाली महिलाओं का दिल नहीं पसीजा। मारपीट के दौरान मासूम बेटा अपनी मां से चिपका रहा। मासूम के सामने ही उसकी मां से महिलाओं ने हैवानियत की गई। महिलाएं यहीं नहीं रुकीं उन्होंने विधवा महिला के गुप्तांग पर मिर्च भी लगा दी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव की काफी कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनको भी डरा धमका कर भगा दिया।
बता दें कि घटना गुरुवार की बताई जा रही है और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आज वायरल हुआ है, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने महिला को देवला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहां उसका उपचार जारी है। शर्मसार करने वाली घटना के बाद आसपास खड़े लोगों की रूह कांप गई। इस मामले में जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पीड़िता से रिपोर्ट लेकर मामले की जांच शुरू की है। एसपी ने कहा कि वीडियो में दो युवक भी दिखाई दे रहे हैं, उनके खिलाफ जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामले पर गंभीरता दिखाते हुए विशेष टीम का गठन किया। उदयपुर और पाली की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाली जिले के नाना थाना क्षेत्र कोयलवास निवासी मुख्य आरोपी रमी बाई गरासिया उसके भाई विनोद कुमार गरासिया और भाभी रेशमी गरासिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















