Politics: आज रक्षामंत्री राजनाथ की जोधपुर में जनसभा, कल भरतपुर में अध्यक्ष नड्डा, परसो उदयपुर में गरजेंगे शाह

0
23
Politics:  Rajnath singh public meeting in Jodhpur today, jp nadda and amit shah are coming on 22-30 june

बीजेपी के तीन धुरंधर आ रहे राजस्थान, आज राजनाथ सिंह जोधपुर, कल नड्डा भरतपुर, परसो शाह उदयपुर में ।
– फोटो : फाइल फोटो।

विस्तार

आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जोधपुर दौरा है। सीएम अशोक गहलोत और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह के गृह क्षेत्र में राजनाथ सिंह बालेसर में शाम करीब 4 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। राजनाथ सिंह पूर्व सैनिकों से भी संवाद करेंगे। केंद्र की मोदी सरकार के 9 साल के उपलललक्ष्य में भाजपा की ओर से आज जोधपुर जिले की शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बालेसर में जनसभा होगी । राजपूत बहुल इलाके को देखते हुए सभा के लिए बालेसर का चयन किया गया है, ताकि आसपास के क्षेत्र की सीटों पर राजपूत वोटर प्रभावित हो सकें। जोधपुर से लोकसभा सांसद और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खुद कद्दावर राजपूत राजनेता हैं। सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने जोधपुर संसदीय क्षेत्र में जोधपुर शहर, सूरसागर, लूणी, फलौदी, लोहावट, शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र, जोधपुर देहात उत्तर, जोधपुर देहात के कार्यकर्ताओं को सभा में बुलाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूर्व सैनिकों से भी संवाद करेंगे।  सभा स्थल पर एक ऐसा ब्लॉक तैयार करवाया गया है, जहां सिर्फ पूर्व सैनिकों को ही बैठाया जाएगा। 

 29 जून को जेपी नड्डा भरतपुर बीजेपी ऑफिस बिल्डिंग उद्घाटन, पदाधिकारी-कार्यकर्ता बैठक, नदबई में जनसभा करेंगे

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की 29 जून को भरतपुर में सभा होगी। बीजेपी के पूरे संभाग के कार्यकर्ताओं को इसमें बुलाया गया है। जेपी नड्डा 29 जून को भरतपुर में पार्टी कार्यालय की नई बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा जिले के बीजेपी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। नदबई विधानसभा सीट पर नड्डा की जनसभा रखी गई है। नदबई विधानसभा सीट 2018 चुनाव से पहले पिछले तीन दशक तक बीजेपी के पास रही थी। लेकिन साल 2018 के विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर जोगिंदर सिंह अवाना ने यहां जीत दर्ज की और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। भरतपुर में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है। जबकि कांग्रेस ने इस जिले के 7 में से 5 विधायकों को मंत्री का दर्जा दे रखा है। डीग कुम्हेर से विश्वेंद्र सिंह पर्यटन मंत्री, वैर से आने वाले विधायक भजनलाल जाटव पीडब्ल्यूडी विभाग के कैबिनेट मंत्री हैं। जबकि भरतपुर से डॉ सुभाष गर्ग तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री, कामां से जाहिदा खान विज्ञान,प्रौद्योगिकी और शिक्षा राज्य मंत्री हैं। जबकि नदबई से विधायक जोगिंदर सिंह अवाना देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष हैं। जिन्हें राज्यमंत्री का दर्जा है।इसलिए भरतपुर को साधने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संगठनात्मक चर्चाएं भी करेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 30 जून को उदयपुर में जनसभा और जयपुर में कॉन्क्लेव, प्रेसवार्ता करेंगे

30 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उदयपुर में दौरा और जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। उदयपुर में होर्डिंग के माध्यम से केंद्र सरकार की 9 साल की उपलब्धियों और ऐतिहासिक कार्यों को दिखाया जाएगा। बीजेपी के सभी मोर्चों ने अलग-अलग योजनाओं को दिखाने के लिए होर्डिंग तैयार करवाए हैं। रैली के माध्यम से जनता गृह मंत्री अमित शाह के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उदयपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।  इसके बाद वे बीजेपी की ओर से जयपुर में आयोजित एक कॉन्क्लेव में शिरकत करने आएंगे। एक निजी होटल में यह कार्यक्रम होगा। जहां अमित शाह मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे।  साथ ही पत्रकारों से रूबरू होंगे। जयपुर में एक से डेढ़ घंटे अमित शाह के रहने का कार्यक्रम है।

तीनों नेता प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बोलेंगे हमला

राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और अमित शाह ये तीनों नेता केंद्र की मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियां तो गिनाएंगे ही। विकास का रोडमैप भी बताएंगे। राजनाथ सिंह का फोकस पाकिस्तान बॉर्डर की मजबूत सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई, सीमापार से होने वाली मादक पदार्थों, हथियारों, ड्रोन कार्रवाईयों का मुंहतोड़ जवाब देने और लोगों को सुरक्षा की भावना का एहसास दिलाने पर रहेगा। राजस्थान के लोगों की राष्ट्रभक्ति, सेना में योगदान पर भी चर्चा होगी। साथ ही प्रदेश की गहलोत सरकार को भी तुष्टिकरण, हिन्दुत्व और भ्रष्टाचार, दलित, महिला अत्याचार के मुद्दे पर घेरेंगे। जेपी नड्डा भरतपुर में दलितों और महिलाओं पर अत्याचार, भरतपुर के ब्रज क्षेत्र में पिछले दिनों अवैध खनन के खिलाफ हुए संत के आत्मदाह और गहलोत-पायलट में कुर्सी की लड़ाई जैसे मुद्दे उठा सकते हैं। अमित शाह उदयपुर में कन्हैयालाल टेलर हत्याकांड और सर तन से जुदा कांड, हिन्दू रैलियों पर हमले, मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाओं, जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने, भव्य राममंदिर निर्माण, समान नागरिक संहिता की तैयारी, राजस्थान में पेपर लीक, भ्रष्टाचार, गहलोत-पायलट में कुर्सी की लड़ाई से लोगों का नुकसान जैसे मुद्दे उठा सकते हैं। साथ ही पीएम मोदी की केंद्र सरकार के पिछले 9 सालों का लेखा-जोखा और उपलब्धियां भी बताएंगे।

राजस्थान बीजेपी के कद्दावर नेता रहेंगे तीनों कार्यक्रमों में मौजूद

आज राजनाथ सिंह के जोधपुर दौरे, कल पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के भरतपुर दौरे और परसो केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उदयपुर दौरे, जनसभाओं, कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों में राजस्थान बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता सतीश पूनियां, बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी, सांसद दीया कुमारी, किरोड़ीलाल मीणा समेत अलग-अलग सम्भाग के कार्यक्रमों में क्षेत्रीय सांसद, विधायक मौजूद रहेंगे।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here