International Yog Day: मीणा ने थाने के बाहर, वसुंधरा ने घर पर और पूनिया ने सीआरपीएफ जवानों के साथ किया योग

0
14

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजस्थान में अलग-अलग जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में आम जनों, स्कूली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों के साथ ही नेताओं ने भी योगाभ्यास किया। खास बात यह रही कि कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं ने योग दिवस आयोजनों से दूरी बनाए रखी। वहीं, भाजपा के ज्यादातर नेता सक्रिय दिखाई दिए। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घर पर योग किया। वहीं, विधानसभा में उप-नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने सीआरपीएफ जवानों के साथ। अशोकनगर थाने के बाहर धरना दे रहे सांसद किरोड़ीलाल मीणा ने धरनास्थल पर ही योगाभ्यास किया। 

डॉ. सतीश पूनिया ने जयपुर के जयगढ़ फोर्ट पर सीआरपीएफ जवानों के साथ योगाभ्यास किया। डॉ. पूनिया ने कहा कि योग जोड़ने का काम करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग ने पूरी दुनिया को एक सूत्र में पिरोकर वसुधैव कुटुंबकम को सार्थक किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की ऐतिहासिक उपलब्धि है कि दुनिया के 180 से अधिक देश योग कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में विश्व के लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी योग कर पूरी दुनिया को योग का संदेश दे रहे हैं। यह गौरवपूर्ण क्षण फिर भारत की मजबूत लीडरशिप को दुनिया के मंच पर प्रस्तुत करेगा।



धरनास्थल पर योग

सांसद किरोड़ीलाल मीणा ने जयपुर में अशोक नगर थाने के बाहर धरनास्थल पर ही योग करना शुरू कर दिया। अपने अनोखे अंदाज और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन के लिए देहाती और आदिवासी अंदाज में राजनीति करने वाले डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को धरने पर योग करता देख लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक सके। योगाभ्यास के साथ हास्य-विनोद भी साथ-साथ हो गया। 

वसुंधरा की अपील- इसे नियमित करें

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास किया। वसुंधरा राजे ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति की एतिहासिक धरोहर ‘योग’ मानव शरीर की एक ऐसी जरूरत है, जिसके अभ्यास के हजारों फायदे हैं। योग दिवस के अवसर पर मेरी सभी से अपील है कि जीवन में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन को बनाए रखने के लिए योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा अवश्य बनाएं। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने जयपुर के स्वास्थ्य कल्याण ग्रुप द्वारा आयोजित किए गए सामूहिक योग शिविर में भाग लिया। 


राजेंद्र राठौड़ ने चुरू में योगाभ्यास किया

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने चूरू में योगाभ्यास किया। राठौड़ ने कहा- ‘व्यायामात् लभते स्वास्थ्यं दीर्घायुष्यं बलं सुखं’- अर्थात,  योग से, व्यायाम से हमें स्वास्थ्य, आयुष और बल मिलता है। राठौड़ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चूरू परिवार के साथ नेचर पार्क में योग की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास किया।

कैलाश चौधरी ने बाड़मेर में किया योगाभ्यास

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बाड़मेर में योगाभ्यास किया। उन्होंने अपने संदेश में श्रीमद्भागवत गीता का उद्धरण देते हुए कहा कि “योग स्वयं की, स्वयं के माध्यम से, स्वयं तक की यात्रा है।” अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर बाड़मेर के आदर्श स्टेडियम में क्षेत्रवासियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक होता है। आइए अपने दैनिक जीवन का अल्प समय शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योग को दें।

कोटा के श्रीनाथपुरम स्टेडियम में हुआ कार्यक्रम 

कोटा के श्रीनाथपुरम स्टेडियम में संभाग स्तरीय युवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला कलेक्टर ओमप्रकाश बुनकर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बुधवार को योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम श्रीनाथपुरम स्थित स्टेडियम में आयोजित किया गया। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।कलेक्टर ओमप्रकाश बुनकर ने कहा कि प्रतिदिन योग करने से किसी भी बीमारी को ठीक किया जा सकता है। इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।  

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अपना संदेश ट्वीट करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस दिवस के अवसर पर आइए हम सब मिलकर अपने जीवन में नियमित रूप से योग को अपनाने और देश को रोग मुक्त करने का संकल्प लें। योग करें,स्वस्थ रहें। हालांकि, डोटासरा ने खुद की योग करते हुए किसी तरह की तस्वीर या वीडियो को बीजेपी नेताओं की तरह पोस्ट नहीं किया।


This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here