Rajasthan: पाक की नापाक हरकत नाकाम, चार तस्कर के साथ एक ड्रोन और दो किलो हेरोइन बरामद, कीमत 10 करोड़ रुपये

0
10
Rajasthan drone and two kg heroin recovered along with four smugglers in Anupgarh Sriganganagar

पाक की नापाक हरकत नाकाम
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बीएसएफ के जवानों ने एक बार फिर पाक की नापाक हरकत को नाकाम किया है।  पाकिस्तान के द्वारा भारतीय सीमा में मादक पदार्थों की तस्करी करने की संभावना के सामने आने के बाद जवान हरकत में आ गए। चार तस्कर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक ड्रोन और दो किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 10 करोड़ रुपये है।

बीकानेर सेक्टर के डीआईजी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार, पाकिस्तान द्वारा मादक पदार्थों की सप्लाई ड्रोन से की जानी थी, जिसे बीएसएफ की जी-ब्रांच और जवानों ने नाकाम कर दिया। जी-ब्रांच के पास पहले से ही खबर थी और इस इलाके में वह सक्रिय थी। इसी के तहत मादक पदार्थों की तस्करी को नाकाम किया गया।

तस्करी की पुख्ता जानकारी मिलने पर बीएसएफ ने पवन कुमार कमांडेंट के दिशा-निर्देशन में संदिग्ध जगहों पर नाकाबंदी की। दीपेन्द्र सिंह शेखावत उप कमांडेंट के निर्देशन में जी-ब्रांच और बीएसएफ की टीम इलाके में तैनात थी। बीएसएफ पार्टी को ड्रोन की आवाज सुनाई दी और उदयन कुमार कंपनी कमांडर के नेतृत्व में बीएसएफ टीम ने उसका पीछा किया और  उस जगह पर घेराबंदी करके सर्च अभियान चलाया गया, तो एक ड्रोन और दो पैकेट में मादक पदार्थ हेरोइन (संभावित) पाई गई।

पाकिस्तान-भारत बॉर्डर के नजदीक कार सवार चार हेरोइन तस्करों को दबोचा…

मंगलवार रात अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर भागने में कामयाब रहे। SP परिस देशमुख के निर्देश पर DST, घड़साना पुलिस बॉर्डर पर पहुंची। पाकिस्तान-भारत बॉर्डर के नजदीक नाकाबंदी कर कार में चार हेरोइन तस्करों को दबोचा। जब्त किए गए मादक पदार्थ लगभग दो किलो है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 10 करोड़ रुपये के लगभग है। पाक की तरफ से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप भेजी गई थी। मौके से बरामद दो पैकेट में बंद दो किलो हेरोइन मिली है।

घड़साना पुलिस और DST प्रभारी राजेश सिहाग ने तस्करों को राउंडअप कर लिया। पाक बॉर्डर 22MD के पास यह कार्रवाई की गई। ऑपरेशन में कमांडेंट पवन कुमार, कंपनी कमाडेंट उदयन, निरीक्षक बीआर रहमान की विशेष भूमिका रही। हीरोइन की कीमत 10 करोड़ से अधिक की बताई जा रही है। यह ऑपरेशन बीएसएफ और गंगानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में संपन्न हुआ, मामले की जांच जारी है।

राठौड़ ने बताया कि इस क्षेत्र में बीएसएफ जी-ब्रांच अपनी आसूचना के आधार पर बहुत ही बेहतरीन कार्य कर रही है। पूर्व में भी केके टीबा सीमा चौकी के पास चार तस्करों के साथ पांच किलो हेरोइन बरामद की थी और पिछले समय में नेमीचंद सीमा चौकी के पीछे हेरोइन की डिलीवरी लेने आए दो तस्करों को पुलिस के साथ दबोचा गया था। 

राठौड़ के अनुसार, इस साल बीएसएफ ने अपनी इन्फॉर्मेशन के आधार पर लगभग 40 करोड़ से अधिक की हेरोइन और छह से अधिक तस्करों को पकड़ा है, जिससे की स्थानीय तस्करों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस इलाके में सघन चौकसी बढ़ा दी गई है, जिससे कि इस इलाके में तस्करी की किसी भी प्रकार की घटना को होने से रोका जा सके।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here