
बचाव कार्य में जुटी SDRF टीम।
– फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
एसडीआरएफ के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आलोक कुमार वशिष्ठ और कमांडेंट राज कुमार गुप्ता के निर्देश पर बिपरजॉय तूफान के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीम ने बाड़मेर जिले के धौरीमन्ना कस्बे के निचले इलाकों में पानी भरने से घरों में फंसे 20 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
कमांडेंट राजकुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार की दोपहर 02:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम बाड़मेर और उपखण्ड कार्यालय धौरीमन्ना से एसडीआरएफ राजस्थान कंट्रोल रूम जयपुर को सूचना मिली कि बिपरजॉय तूफान के कारण बाड़मेर जिले के धौरीमन्ना कस्बे के निचले इलाकों में पानी भरने से घरों में कुछ लोग फंसे हुए है। सूचना पर एसडीआरएफ कंट्रोल रूम ने एसडीआरएफ कंपनी जोधपुर थाना धौरीमन्ना जिला बाड़मेर पर तैनात रेस्क्यू टीम एफ-01 के प्रभारी हेड कांस्टेबल ओमसिंह को अविलम्ब घटनास्थल के लिए रवाना होने के निर्देश दिए।
रेस्क्यू टीम प्रभारी 11 जवानों की टीम और आपदा राहत उपकरणों के साथ दोपहर 02:35 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुए। वहां बिपरजॉय तूफान के कारण अतिवृष्टि होने से इलाकों में बसी कॉलोनियों में पानी भर गया था। घरों में काफी लोग फंसे हुए थे। पूरे इलाके में अतिवृष्टि से बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। कॉलोनी में करीब 03 से 05 फीट तक पानी भरा हुआ था।
टीम कमांडर के निर्देश पर रेस्क्यू टीम के जवानों राजेश कुमार, बाबूलाल, दिलीप कुमार, महेन्द्र, बगताराम, गणपतराम, ओमदान, सुरेश कुमार, राजेन्द्र कुमार घमूराम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने कस्बे की जलमग्न कॉलोनी के घरों में फंसे लोगों को स्थानीय प्रशासन के साथ मिल समझाइश कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। शाम 7:50 बजे तक रेस्क्यू टीम ने बाढ़ग्रस्त इलाके से 20 नागरिकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन के अधिकारी लाखाराम उपखण्ड अधिकारी, सुखाराम विश्नोई थानाधिकारी पुलिस थाना धौरीमन्ना मय जाप्ता और स्थानीय नागरिकों ने एसडीआरएफ को धन्यवाद दिया और रेस्क्यू टीम के कार्य की सराहना की।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















