Sirohi: शिवगंज में राज्यपाल ने किया नगर पालिका भवन का लोकार्पण, बोले-लोकतंत्र में निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका

0
10
The Governor inaugurated the municipality building in Sirohi Shivganj

नगर पालिका भवन का लोकार्पण करते राज्यपाल।
– फोटो : Amar Ujala Digital

विस्तार

राज्यपाल कलराज मिश्र सोमवार को सिरोही जिले के शिवगंज में नवीन नगर पालिका भवन के लोकार्पण समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शहरों में जल संरक्षण की संस्कृति विकसित किए जाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के निवासी पानी की एक-एक बूंद को सहेजने के लिए आरम्भ से ही जागरूक रहे हैं। आधुनिक समय में भी जल की बर्बादी को रोकने के लिए सामुदायिक स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां जल है वहां भगवान विराजते हैं। उन्होंने शिवगंज में नगर पालिका की ओर से वर्षा जल संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने का आह्वान भी किया। 

पर्यटन की दृष्टि से सिरोही जिला बहुत महत्वपूर्ण

राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से सिरोही जिला बहुत महत्वपूर्ण है। माउंट आबू के अलावा यहां और भी ऐसे बहुत से स्थान है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जिले में प्राकृतिक पर्यटन से जुड़े ऐसे स्थलों को चिह्नित कर वहां पर्यटन के विकास पर भी बल दिया। राज्यपाल ने शिला पट्टिका का अनावरण करने के बाद फीता काटकर नगर पालिका भवन का लोकार्पण किया और अवलोकन किया। उन्होंने नगर पालिका का नवीन भवन सोलर सिस्टम, वाटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम और ग्रीन तकनीक को अपनाते हुए पर्यावरण मानकों के अनुरूप तैयार किए जाने पर खुशी जताई।

जनकल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिया जा रहा

सांसद देवजी एम. पटेल ने कहा कि जिले में आमजन को  जनकल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने जिले में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग सुनिश्चित करवाने का आश्वासन भी दिया।

सिरोही जिला मुख्यालय को रेलमार्ग से जोड़ने, केंद्रीय विद्यालय और विश्वविद्यालय खोलने की मांग 

मुख्यमंत्री सलाहकार और विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि शिवगंज कस्बे का 169 वर्षों का गौरवशाली इतिहास है और यहां नगर के विकास कार्यो में भामाशाह भी बढ़-चढ़कर योगदान करते हैं। उन्होंने सिरोही जिला मुख्यालय को रेलमार्ग से जोड़ने, केन्द्रीय विद्यालय और केन्द्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की। उन्होंने शिवगंज में करवाए गए विकास कार्यों की जानकारी भी दी। नगरपालिका अध्यक्ष वजींगराम घांची ने कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन नगर पालिका भवन भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे। 

जवाई रिवर फ्रंट का अवलोकन किया

बाद में राज्यपाल मिश्र ने शिवगंज-सुमेरपुर की सीमा पर निर्मित जवाई रिवर फ्रंट का अवलोकन किया। उन्होंने इसे स्थानीय निवासियों और सैलानियों के लिए विशेष आकर्षण बताते हुए यहां कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना की।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here