
PM Modi
– फोटो : Amar Ujala
विस्तार
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर रैली के साथ ही अपने चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया है। पीएम ने अपनी रैली के जरिए एक तीर से दो निशाने साधे। पहला उन्होंने कांग्रेस सरकार की फूट पर जमकर हमला बोला। वहीं, भाजपा के सभी कद्दावर नेताओं को संदेश देते हुए पार्टी की चुनावी सियासी लाइन भी तय कर दी।
इस लाइन से भाजपा के सभी नेताओं को संदेश मिल गया है कि इस लड़ाई को छोड़कर जनता के बीच जाएं कि सीएम का चेहरा कौन होगा। उनका काम वोट बढ़ाना है। पीएम ने गहलोत और पायलट के बीच चल रहे विवाद पर तंज कसा। कांग्रेस सरकार में फूट का जिक्र करके उन्होंने भाजपा नेताओं को प्रदेश में एकजुट रहने और मिलकर चुनाव लड़ने की नसीहत दी। यहीं नहीं, मंच पर सभी प्रमुख नेताओं को एक साथ बैठा कर पीएम ने सभी को साथ लेकर चलने का इशारा भी कर दिया है।
राजे से मिलकर हाथ जोड़े, लेकिन उनकी योजनाओं का जिक्र नहीं किया
अजमेर रैली में पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियां गिनाई। इसके अलावा पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 40 मिनट के भाषण में प्रदेश की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सरकार की योजनाओं का जिक्र तक नहीं किया। इससे पीएम मोदी ने साफ संदेश दिया है कि भाजपा केवल पीएम नरेंद्र मोदी के चेहरे के दम पर ही विधानसभा और लोकसभा चुनाव में उतरेगी। हालांकि, जब रैली के लिए पीएम मोदी मंच पर पहुंचे तो वसुंधरा राजे सिंधिया उन्हें समाने दिखीं। पूर्व सीएम को देखते ही पीएम ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। वसुंधरा ने भी मुस्कुराकर पीएम मोदी के राजस्थान आगमन का शुक्रिया कहा। मंच पर पीएम और पूर्व सीएम पास में ही बैठे हुए नजर आए।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















