
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
राजसमंद जिले में नाथद्वारा रेलमगरा स्थित जलदेवजी माताजी मंदिर सांसेरा में पर्यटन विकास के कार्य कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके लिए 10 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रावधान को मंजूरी दी है। स्वीकृत राशि से मंदिर क्षेत्र में भोजनशाला, रसोई घर, सीमेंट कॉन्क्रीट पेवमेंट, पेनोरमा, पार्किंग एरिया, पाथ-वे, सैंड स्टोन छतरी, प्रवेश द्वार, सभागार का निर्माण, विद्युतीकरण के कार्य सहित अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
बता दें कि सीएम गहलोत के इस निर्णय से मंदिर में आने वाले पर्यटकों को सुगमता हो सकेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की थी।
प्रदेश में खोले जाएंगे 70 उप-स्वास्थ्य केंद्र…
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 70 नवीन उप-स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाएंगे। गहलोत ने इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इनके संचालन के लिए प्रत्येक उप-स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का पद सृजित किया जाएगा।
इनमें सीकर में 11, नागौर में नौ, अलवर और करौली में छह-छह, सवाई माधोपुर में पांच, भीलवाड़ा और टोंक में चार-चार, जयपुर, चूरू और राजसमंद में तीन-तीन, चित्तौड़गढ़, दौसा, जालौर, झुंझुनूं, कोटा और उदयपुर में दो-दो, अजमेर, बारां, भरतपुर और पाली में एक-एक उप-स्वास्थ्य केंद्र खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने बजट में चरणबद्ध रूप से उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए घोषणा की थी।
50 स्कूलों में शुरू होगा कृषि संकाय…
प्रदेश के 50 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कृषि संकाय शुरू होगा। इनमें पढ़ाने के लिए प्रति विद्यालय एक-एक कृषि व्याख्याता के नवीन पदों का भी सृजन किया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संकाय खोलने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। जयपुर और अलवर जिले के आठ-आठ, अजमेर जिले के पांच, सीकर जिले के चार, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर और झालावाड़ जिले के तीन-तीन, बूंदी, जोधपुर और नागौर जिले के दो-दो, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, जालौर और पाली जिले के एक-एक विद्यालय में कृषि संकाय शुरू होगा।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

















