Jaipur: सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत का मामला, सांसद किरोड़ी लाल, पायलट और सोलंकी ने की कार्रवाई की मांग

0
9
4 died in a road accident in Chaksu Jaipur MP Kirori Lal Meena met the victim family

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद मीणा।
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जयपुर के चाकसू के कोटखावदा इलाके की डोयां की ढाणी में गवारिया परिवार में छोटे भाई की मौत के 3 दिन बाद अस्थि विसर्जन कर हरिद्वार से लौटे मृतक के परिवार के 4 लोगों की रविवार को सड़क हादसे में मौत के बाद सियासत भी शुरू हो गई है। 

चुनावी साल में राजनीतिक रोटियां सेंकने की कवायद में कांग्रेस-बीजेपी दोनों ही पार्टियों के नेता जुट गए हैं। सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, चाकसू विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने सरकार से पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने, दोषियों पर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

बीजेपी के राजस्थान से राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी देने, आरोपी थार जीप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने,  पीड़ित परिजनों के लिए राहत पैकेज जारी करने जैसी मांगों को लेकर आंदोलन करने जयपुर पहुंच गए। डीजीपी निवास और ऑफिस पर धरने की बात कही तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज ली। इसके बाद सांसद डॉ किरोड़ीलाल कोटखावदा में पीड़ित परिवार से मुलाकात करने रवाना हो गए।

इससे पहले सांसद डॉ किरोड़ीलाल मीणा की मौजूदगी में पुलिस-प्रशासन और पीड़ित परिजनों की वार्ता हुई। जिसमें सांसद किरोड़ीलाल मीणा के साथ पीड़ित परिवार और सरकार के बीच सहमति बन गई है। कुल 61 लाख रूपए की आर्थिक सहायता मृतकों के परिजनों दी जाएगी। साथ ही सांसद किरोड़ीलाल की तरफ से 2 महीने का अपना वेतन दिया जाएगा। सांसद डॉक्टर किरोडी लाल मीणा के नेतृत्व में पीड़ित परिजनों को 25-25 रुपए प्रत्येक मृतक के बदले आर्थिक मुआवजे की मांग की गई थी। जिस पर करीब 61 लाख रुपए का मुआवजा मिलेगा। जो 15.25 लाख रुपए प्रत्येक मृतक होगा। 10-10 लाख रुपए चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना के तहत सरकार देगी। मृतक के एक परिजन को नौकरी भी दी जाएगी।

सांसद किरोड़ी लाल मीणा के मुद्दा उठाने पर सचिन पायलट, वेद प्रकाश सोलंकी भी पहुंचे कोटखावदा

सांसद किरोड़ी लाल मीणा के इस मुद्दे पर धरने की सूचना मिलने पर अब तक शांत बैठे चाकसू विधायक वेद प्रकाश सोलंकी अचानक एक्टिव हो गए और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को साथ लेकर सांसद किरोडी लाल मीणा के कोटखावदा पहुंचने से पहले ही पीड़ित परिवार से मिलने जा पहुंचे।  सीएम सचिन पायलट ने चाकसू के कोटखावदा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में प्राण गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और संवेदनाएं व्यक्त की।

पायलट ने कहा- मृतकों के परिजन अपनों को खोने की जिस पीड़ा से गुज़र रहे हैं, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। परिजनों की मांग है कि उन्हें न्याय के साथ ही उचित मुआवजा मिले। मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि दोषियों पर कार्यवाही कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले।

मुख्यमंत्री कर चुके मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा

इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवेदना जताते हुए रविवार को कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और पूरा प्रदेश इस परिवार के साथ है। गहलोत ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5-5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों का निशुल्क इलाज करवाया जा रहा है।

क्या है घटनाक्रम ?

चाकसू के कोटखावदा इलाके में कुशलपुरा स्थित डोयां की ढाणी निवासी मदन लाल की 17 मई को मौत हो गई थी। उसका अस्थि विसर्जन करने के लिए 19 मई को परिवार के 6 लोग हरिद्वार गए थे। रविवार को अस्थि विसर्जन करके वापस लौटे और सड़क किनारे पेड़ की छाया में परिजनों का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच चीमापुरा की ओर से आई तेज़ रफ़्तार बेकाबू महिंद्रा थार जीप ने उन्हें कुचल दिया। इस एक्सीडेंट में मृतक मदनलाल की पत्नी सुनीता, बेटे गोलू, मृतक के बड़े भाई सीताराम उनकी पत्नी अनिता की मौत हो गई। जबकि मदनलाल की 13 साल की बेटी आरती और बेटा विक्की भी घायल हो गए। हादसे के थार जीप का चालक फरार हो गया। जिसकी तलाश  पुलिस कर रही है।

This News is Updated by Khabre Fatafat
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here